2558 गांवों में चौधरी का फैसला कल, शाम 6 तक मतदान उसके बाद परिणाम
Haryana Panchayat Election: 2558 गांवों में चौधरी का फैसला कल, शाम 6 तक मतदान उसके बाद परिणाम
चंडीगढ़। हरियाणा में दूसरे चरण के पंचायत चुनावों के तहत नौ जिलों के 2558 गांवों की चौधर का फैसला शनिवार शाम तक हो जाएगा। नौ जिलों अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में सुबह सात बजे पंच-सरपंचों के लिए मतदान शुरू होगा जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतगणना खत्म हाेने के तुरंत बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

पहले चरण में पंच-सरपंचों के चुनाव में विभिन्न स्थानों पर हुई हिंसा को देखते हुए राज्य चुनाव आयोग ने दूसरे चरण में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। सरपंच के 2558 पदों के लिए 10 हजार 858 प्रत्याशी और 8607 पंचों के लिए 18 हजार 418 उम्मीदवार मैदान में हैं। 4.65 प्रतिशत सरपंचों और 63.3 प्रतिशत पंचों का चयन सर्वसम्मति से हो चुका है।
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि पंच-सरपंचों के चुनाव के लिए कुल पांच हजार 963 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 976 संवेदनशील और 1023 अतिसंवेदनशील हैं। हर मतदान केंद्र पर दो-दो पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि शांतिपूर्ण तरीके से मतदान अवश्य करें। पंच को लेकर 63.3 प्रतिशत पदों पर सर्वसम्मति बनी। अब केवल 47 प्रतिशत यानी आठ हजार 607 पदों पर चुनाव होगा। पंच के 25 हजार 655 पदों पर 16 हजार 345 पंचों का चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। इनमें आठ हजार 417 पुरुष और सात हजार 928 महिलाएं शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications