Chhattisgarhiya Olympics: जोनल खेल 31 जुलाई तक होंगे, विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
Chhattisgarhiya Olympics: छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के दूसरे चरण की प्रतियोगिताएं 31 जुलाई तक चलेंगी। जोनल स्तरीय प्रतियोगिताओं के बाद विजेताओं को इनाम दिया जाएगा।
हरेली तिहार के दिन शुरू हुए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के दूसरे चरण जोन स्तर की शुरुआत धमतरी जिले में शुरू हुई। कल 31 जुलाई को जोनल खेल समाप्त होंगे। इसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर 01 जोन बनाया गया है।

पहले चरण में राजीव युवा मितान क्लब स्तर की प्रतियोगिता ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में 17 जुलाई से 22 जुलाई तक आयोजित की गई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू हुआ।
हर उम्र के लोगों के बीच पारंपरिक खेलों के प्रति जागरूकता फैलाने, खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने और खेल भावना का विकास करने के उद्देश्य से Chhattisgarhiya Olympics की शुरुआत हुई थी।
अगस्त-सितंबर में भी जारी रहेगा मुकाबला
जोन स्तर पर मुकाबला नॉक आऊट पद्धति से होगा। जोन स्तर के समापन के बाद तीसरे चरण में विकासखंड एवं नगरीय क्लस्टर स्तर पर आयोजन होगा। 7 अगस्त से 21 अगस्त तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिला स्तरीय चौथे चरण का आयोजन 25 अगस्त से 04 सितंबर तक होगा।
सबसे अंत में राज्य स्तरीय मुकाबले होंगे
पांचवे चरण में संभाग स्तर पर मुकाबले होंगे। 10 सितंबर से 20 सितंबर तक इसका आयोजन होगा। सबसे अंत में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 25 सितंबर से 27 सितंबर तक होगा।
किन खेलों में कितनी आयु के प्रतिभागी?
बता दें कि छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल प्रतियोगिता टीम और एकल दो श्रेणी में आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसे खेल शामिल हैं।
एकल श्रेणी में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सी कूद एवं कुश्ती शामिल हैं। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में तीन आयु वर्ग के प्रतिभागी ताल ठोक रहे हैं। प्रथम वर्ग में 18 वर्ष तक, दूसरे में 18-40 साल और तीसरे में 40 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे।
कितनी इनामी राशि मिलेगी
सबसे शुरुआती लेवल- विकासखंड व नगरीय क्लस्टर स्तर प्रथम आने वाले विजेता खिलाड़ियों को 1000 रूपए, द्वितीय स्थान आने पर 750 रूपए एवं तीसरा स्थान आने पर 500 रूपए की पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र मिलेंगे।
सबसे शीर्ष पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता है। इसमें प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को 5000 रूपए, द्वितीय आने पर 4500 रूपए एवं तीसरे स्थान आने वाले खिलाड़ियों को 4000 रूपए की राशि और प्रमाणपत्र मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications