Chhattisgarh News: 'भाजपा सबसे बड़ी ड्रामेबाज पार्टी', विपक्षी दलों पर सीएम बघेल का पलटवार
रायपुर। राज्य ब्यूरो। Chhattisgarh News: देश में लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों की एकता की पहल के बीच छत्तीसगढ़ में बयानों के तीर चलने शुरू हो गए हैं। पटना में विपक्षी दलों की बैठक को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ड्रामेबाजी बताया, तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए भाजपा को सबसे बड़ी ड्रामेबाज पार्टी करार दिया।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने राजनांदगांव में कहा कि मोदी नाम की बाढ़ से बचने सभी बरसाती जीव-जंतु (राजनीतिक दल) एक पेड़ (मंच) पर चढ़ गए हैं। यह ज्यादा दिन टिकने वाले नहीं है। चुनाव आते-आते सभी बिखर जाएंगे।

विपक्षी दलों की एकता का असर छत्तीसगढ़ की सियासी सेहत पर कम ही पड़ने वाला है, लेकिन बसपा और आम आदमी पार्टी गठजोड़ में शामिल होते हैं और नवंबर-दिसंबर में होने वाले प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सीटों की मांग करते हैं, तो कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती है। हालांकि मुख्यमंत्री बघेल ने पहले ही साफ कर दिया है कि प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच ही मुकाबला होता है, अन्य दलों का यहां कोई अस्तित्व नहीं है।
इस बीच, पटना की बैठक के अगले दिन मुख्यमंत्री बघेल ने राजधानी में मीडिया से चर्चा में कहा कि सभी दलों के अपना अस्तित्व है और अलग-अलग समय में अलग-अलग निर्णय होते हैं। जिन दलों के साथ बैठक हुई, उनमें से बहुत सारे दलों के साथ खुद भाजपा का गठबंधन था। उन्होंने अनुराग ठाकुर से पूछा कि वो बताएं कि भाजपा ने जब उन दलों के साथ मिलकर सरकार बनाए तब ये क्या थे। उस समय भाजपा ने क्या ड्रामेबाजी की थी। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सबसे बड़े ड्रामेबाज तो भारतीय जनता पार्टी के लोग हैं।












Click it and Unblock the Notifications