छत्तीसगढ़ सरकार का पर्यटन विभाग दे रहा कमाई का सुनहरा मौका, करना होगा ये काम
छत्तीसगढ़ आने वाले पर्यटकों और विदेशी नागरिकों के लिए पर्यटन विभाग जल्द ही होमस्टे तथा ब्रेड एवं ब्रेकफास्ट की सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है। इससे पर्यटन के लिहाज से छत्तीसगढ़ आए पर्यटकों को कम कीमत में घर जैसे माहौल में रहने और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन का स्वाद चखने को मिलेगा।
शहर, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में जो व्यक्ति यह सुविधा देना चाहता है, उसका पर्यटन विभाग पंजीयन करेगा। विभाग की वेबसाइट में इनकी पूरी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी, ताकि पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं उठानी पड़े। केरल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा जैसे राज्यों में यह योजना चल रही है।

दरअसल, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने होमस्टे तथा ब्रेड एवं ब्रेकफास्ट की सुविधा शुरू की है। इसका उद्देश्य अच्छे या बजट होटल की कमी को दूर कर ठहरने की स्तरीय सुविधाओं को मुहैया कराना है। राज्य सरकार भी इस योजना को लागू करने जा रही है।
इसके लिए पूरे नियम और शर्तें तैयार कर ली गई हैं। पर्यटन विभाग पंजीयन के लिए शुल्क लेगा। एक बार पंजीयन कराने पर यह तीन साल के लिए लागू होगा। साथ ही पर्यटन विभाग अपनी ओर से इसे रेटिंग भी देगा। होमस्टे देने वालों को होटल की तरह एक रजिस्टर में अपने वाले सभी पर्यटकों की जानकारी भी रखनी होगी।
ट्रेनिंग के साथ पुरस्कार और कर्ज भी
होमस्टे के लिए पर्यटन विभाग कई तरह से मदद देगा। होमस्टे के लोगों को व्यवहार और भाषा की कुशलता से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। मालिकों और ऑपरेटरों को गेस्ट हाउस केयर टेकर तथा शिष्टाचार और सौंदर्य से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। गुणात्मक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष पुरस्कार समारोह होगा। अधिसूचित क्षेत्रों में होम स्टे तथा बेड एण्ड ब्रेकफास्ट इकाइयों के विकास के लिए लोन और विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत अनुदान प्राप्त करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा सहयोग किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications