रोड शो में भगदड़ के लिए चंद्रबाबू नायडू जिम्मेदार, उन्हें गिरफ्तार किया जाए- YSRC
28 दिसंबर को नेल्लोर जिले के कंदुकुर में रोड शो में हुई भगदड़ के लिए वाईएसआरसी ने टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी की मांग की है।

अमरावतीः 28 दिसंबर को नेल्लोर जिले के कंदुकुर में रोड शो में हुई भगदड़ के लिए वाईएसआरसी ने टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी की मांग की है। इस भगदड़ में आठ लोग मारे गए थे। राज्य के आवास मंत्री जोगी रमेश ने कहा, 'आप चंदा इकट्ठा करके और उससे मृतकों के परिवारों को मुआवजा देकर बच नहीं सकते हैं। एक संकरी गली में जनसभा करने के लिए आप जिम्मेदार हैं, जिसमें मची भगदड़ से 8 लोगों की जान गई।'
शनिवार को मीडिया से बात करते हुए जोगी रमेश ने कहा, 'पुलिस को ऐसी राजनीतिक सभाओं पर नजर रखनी चाहिए। वाईएसआरसी द्वारा आयोजित बैठकों में कभी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई क्योंकि पार्टी पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करती है। हमने यह दिखाने के लिए कभी ड्रोन का इस्तेमाल नहीं किया कि हजारों लोग हमारी बैठकों में शामिल हुए हैं। हमने कभी नायडू की तरह घटिया हथकंडों का सहारा नहीं लिया।'
कृषि मंत्री काकानी गोवर्धन रेड्डी ने कहा कि नेल्लोर में नायडू के रोड शो के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने में कोई चूक नहीं हुई। जब जगन मोहन रेड्डी विपक्ष के नेता थे तब उनकी बैठकों में एक भी ऐसी घटना की सूचना नहीं मिली थी। अब जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा वाले नायडू का रोड शो तेदेपा प्रमुख की घटिया चालों के कारण त्रासदी में बदल गया।












Click it and Unblock the Notifications