आंध्र प्रदेश में परमाणु ऊर्जा संयंत्र के लिए अमेरिकी कंपनियों से बातचीत कर रहा केंद्र
जितेंद्र सिंह ने कहा कि वेस्टिंगहाउस कंपनी के साथ बातचीत के बाद कोव्वाडा में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की लागत और इसके निर्माण में लगने वाले समय जैसे विवरणों के साथ परियोजना प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
केंद्रीय विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि श्रीकाकुलम जिले के कोव्वाडा में छह परमाणु रिएक्टर स्थापित करने के लिए अमेरिका की वेस्टिंगहाउस इलेक्ट्रिक कंपनी (डब्ल्यूईसी) के साथ चर्चा चल रही है। दरअसल, वाईएसआरसी के सांसद वी विजयसाई रेड्डी ने राज्यसभा में सवाल उठाते हुए पूछा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पूरा होने में देरी क्यों हो रही है, इसपर जितेंद्र सिंह ने यह जवाब दिया।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि वेस्टिंगहाउस कंपनी के साथ बातचीत के बाद कोव्वाडा में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की लागत और इसके निर्माण में लगने वाले समय जैसे विवरणों के साथ परियोजना प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में, भूमि अधिग्रहण, वैधानिक मंजूरी प्राप्त करने और साइट की जांच जैसी परियोजना की निर्माण-पूर्व गतिविधियां चल रही हैं। परमाणु ऊर्जा परियोजना के लिए कुल 2,079 एकड़ जमीन की जरूरत है। अब तक 2,061 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है।