CM Hemant Soren ने कहा झारखंड की खनिज संपदा पर भाजपा की काली नजर, सरकार गिराने की कोशिश
दुमका: झामुमो के 44 वां स्थापना दिवस पर गुरुवार को गांधी मैदान में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

दुमका: झामुमो के 44 वां स्थापना दिवस पर गुरुवार को गांधी मैदान में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने पार्टी का ध्वज फहराया।
जनहित व राज्यहित में काम करे सरकार
स्थापना दिवस पर झामुमो समर्थकों को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहा कि झारखंड में अकूत खनिज-संपदा है। सरकार इसका इस्तेमाल जनहित व राज्यहित में करे, ताकि यहां के लोग संपन्न हो सकें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यहां की जनभावना के अनुरूप नीति तैयार करनी होगी।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के गरीब-गुरूबों को उनका हक और अधिकार मिले इसी उद्देश्य से हम लोग 44 साल से देर रात तक सभा कर रणनीति बनाते हैं। इसी के दम पर आज सब कुछ है। इसी के दम पर अलग झारखंड राज्य मिला है।
हमारी सरकार को अस्थिर करने का हो रहा प्रयास
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार हमारी सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। साजिश के तहत केस-मुकदमों में फंसाने का धौंस दिखाया जा रहा है। इससे हम डरने वाले नहीं हैं। भाजपा को हरेक साजिश का करारा जवाब मिलेगा। सरकार जनता से किए वायदों को पूरा कर रही है लेकिन केंद्र अडंगा लगाकर यहां के आदिवासी-मूलवासी के हक व अधिकारों को छीनना चाहती है।
राज्यपाल ने लौटाया विधेयक
सीएम ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने 1932 के खतियान पर आधारित स्थानीयता नीति लाने का काम किया लेकिन राज्यपाल ने इसे लौटा दिया है। सरकार इसकी कानूनी पहलूओं पर मंथन फिर से इसे आगे बढ़ाएगी।
खनिज संपदा पर भाजपा की काली निगाह
भाजपा पर हमला करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है और यहां की खनिज-संपदा पर उसकी काली निगाह है। झामुमो के रहते खनिज-संपदा की लूट नहीं होने दी जाएगी। जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना झामुमो की प्राथमिकता है।
आगामी चुनावों के लिए कमर कस लें कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि 2024 में लोकसभा का चुनाव होना है। पार्टी के कार्यकर्ता इसके लिए अभी से कमर कस लें। इस बार झारखंड से भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार की लड़ाई अपनी पहचान, अपने सम्मान व अपने अधिकार के लिए होगा पार्टी इस राजनीतिक सभा के जरिए निर्णायक संघर्ष की ओर बढ़ेगा।
नहीं आए बोरियो विधायक लोबिन हेंब्रम
झामुमो के 44 वें स्थापना दिवस पर बोरियो से झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। विधायक लोबिन हेंब्रम 1932 के खतियान आधारित नियोजन नीति लागू नहीं होने की वजह से हेमंत सोरेन सरकार से नाराज चल रहे हैं।
उपवास पर बैठे हेंब्रम
दो फरवरी को जब झामुमो दुमका में अपना 44 वां स्थापना दिवस समारोह मना रहा है और पार्टी के सभी शीर्ष नेता दुमका पहुंचे हैं तो लोबिन हेंब्रम भोगनाडीह में अमर शहीद सिदो कान्हु मुर्मू की प्रतिमा के समक्ष उपवास पर बैठ हैं।












Click it and Unblock the Notifications