हरसिमरत बोलीं, पंजाब में खरीद-फरोख्त करने और फिर राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश कर सकती है केंद्र सरकार
तरनतारन। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब में बेअदबी सिख कौम की भावनाओं को आहत करके सियासी लाभ लेने लिए की गई है। सरकार ने इसके सुबूत भी मिटा दिए। तीन सप्ताह गुजरने के बावजूद जांच रिपोर्ट नहीं आई है। प्रदेश सरकार ने पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाया है। खेमकरण हलके से शिअद-बसपा गठजोड़ प्रत्याशी विरसा सिंह वल्टोहा (पूर्व सीपीएस) के पक्ष में कस्बा घरियाला में महिलाओं की रैली को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने यह हमला बोला।

उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनाव आते ही पंथक पार्टी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को कमजोर करने लिए कई पार्टियां मैदान में आती हैं। इनको दिल्ली की केंद्र सरकार चलाती है जो आने वाले दिनों पंजाब का भी रुख करेगी। ऐसे में केंद्र की भाजपा सरकार से चौकस रहना होगा। हरसिमरत ने यह भी कहा कि इस बार शिअद की बहुमत वाली सरकार बनाना जरूरी है। ऐसा न हो केंद्र द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त करके पंजाब पर कब्जा जमा लिया जाए या फिर राष्ट्रपति शासन लागू करके पंजाब के संघीय ढांचे का गला घोंट दिया जाए। उन्होंने बार्डर के लोगों के लिए अलग तौर पर मेनिफेस्टो तैयार करने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस सरकार को निशाने पर लेते हुए हरसिमरत ने कहा कि किसानों की कर्ज माफी, बेरोजगार युवाओं को भत्ता, बेटियों को 51 हजार रुपये का शगुन, घर-घर नौकरी के सभी वादे झूठे साबित हुए हैं। हरसिमरत ने सरकार बनने पर पार्टी की ओर से किए गए वादों को दोहराया। इस मौके पर पूर्व सीपीएस विरसा सिंह वल्टोहा, एसजीपीसी सदस्य मनजीत सिंह, एसओआइ के माझा जोन अध्यक्ष गौरवदीप सिंह वल्टोहा ने हरसिमरत कौर बादल को सम्मानित किया। मोहल्ला क्लीनिकों का दम भरने वाले केजरीवाल अपनी खांसी तो ठीक नहीं कर पाए
हरसिमरत कौर बादल ने आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पराली और पानी के मुद्दे में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अलग-अलग टिप्पणी करने वाले केजरीवाल पंजाब में वादों के लारे लगा रहे हैं, परंतु दिल्ली की महिलाओं को अभी तक एक पैसा भी नहीं मिला। पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक खोलने का दम भरने वाले केजरीवाल अपनी खांसी तो ठीक नहीं कर पाए। वल्टोहा परिवार के साथ निजी रिश्ता
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रशंसा करते हुए हरसिमरत ने कहा कि वल्टोहा परिवार के साथ हमारा निजी रिश्ता है। वल्टोहा को चुनाव जिताएंगे तो खेमकरणकी शान बढ़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि शिअद को कमजोर करने के लिए अकाली दल (संयुक्त), पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के अलावा अन्य छिटपुट दल भाजपा से सांझ डाल रहे हैं। महिलाओं की प्रशंसा करते हुए हरसिमरत ने कहा कि इस बार शिअद की सरकार बनाने में माझे की नारी शक्ति एकजुट होकर दहाड़ लगा दे तो हवा का रुख भी बदला जा सकता है। प्रकाश सिंह बादल के आगे केंद्र के नेताओं के कद बौने : वल्टोहा
पूर्व सीपीएस प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा ने कहा कि खेमकरण के कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर ने हलके को नशे और दहशत के सिवाय कुछ नहीं दिया। भुल्लर को अपने परिवार से ही विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अबकी बार कांग्रेस की खेमकरण हलके से करारी हार होगी। प्रो. वल्टोहा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रशंसा की। साथ ही कहा कि करीब 16 वर्ष जेल काटने वाले सियासत के बाबा बोहड़ प्रकाश सिंह बादल के मुकाबले राज्य तो क्या केंद्र से कई सियासी नेताओं के कद बौने हैं। गौरवदीप ने लिया सुखपाल भुल्लर को निशाने पर
स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन आफ इंडिया (एसओआइ) के माझा जोन अध्यक्ष एडवोकेट गौरवदीप सिंह वल्टोहा ने कहा कि कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर की सरकार अब चार दिन की मेहमान है। क्षेत्र के लोग भुल्लर परिवार को सबक सिखाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई सरपंच, चेयरमैन, ब्लाक समिति मेंबर व पार्टी के पदाधिकारी शिअद में शामिल होने के लिए उत्साहित हैं। हरसिमरत ने ये किए वादे
-महिलाओं को दो हजार रुपये प्रति महीना मिलेगा।
-हर जिले में मेडिकल कालेज व सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाया जाएगा।
-विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दस लाख का कर्ज बिना गारंटी दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications