हेमंत सरकार का बड़ा फैसला: झारखंड में पुराने वेतनमान पर नहीं होगी शिक्षक नियुक्ति
झारखंड के प्रारंभिक विद्यालयों में अब पुराने वेतनमान पर सहायक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होगी। वर्तमान में जो शिक्षक कार्यरत हैं, वे कार्य करते रहेंगे। जो पद रिक्त हैं उनपर नई बहाली नहीं होगी। राज्य सरकार ने ऐसे 17,446 श
रांची,4 अक्टूबरः झारखंड के प्रारंभिक विद्यालयों में अब पुराने वेतनमान पर सहायक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होगी। वर्तमान में जो शिक्षक कार्यरत हैं, वे कार्य करते रहेंगे। जो पद रिक्त हैं उनपर नई बहाली नहीं होगी। राज्य सरकार ने ऐसे 17,446 शिक्षकों के रिक्त पदों को सरेंडर कर दिया है। ये सभी पद इंटर प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के थे। स्नातक प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के पद बरकरार रहेंगे। राज्य सरकार ने निश्शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम, 2009 के प्रविधानों के तहत राज्य के छात्र-शिक्षक अनुपात (पीटीआर) की स्थिति में सुधार के लिए प्रारंभिक विद्यालयों में सहायक आचार्य का नया कैडर गठित किया है।

झारखंड सरकार ने 17446 पद सरेंडर कर दिया
प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक से पांच के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 20,825 तथा मध्य विद्यालयों में कक्षा छह से आठ के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 29,175 पद सृजित किए गए हैं। अब पूर्व में लेवल-6 में सृजित इंटर प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के वैसे 17,446 पदों को सरेंडर करते हुए उन्हें लेवल-4 में सृजित सहायक आचार्य के नए कैडर में जिलावार आवंटित कर दिया है। स्नातक प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के पद सरेंडर नहीं होंगे, क्योंकि इनके 50 प्रतिशत पद प्रोन्नति से भरे जाते हैं, जबकि इतने ही पद सीधी नियुक्ति से भरे जाते हैं। सीधी नियुक्ति का पद रिक्त नहीं है तथा शेष आधे पद वर्तमान में कार्यरत इंटर प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों की प्रोन्नति से भरे जाएंगे।
अब कम वेतनमान पर होगी शिक्षकों की बहाली
बता दें कि पिछली बार हुई नियुक्ति कक्षा एक से पांच के लिए इंटर प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के पदों पर लेवल-छह में 35,400 के वेतनमान (एंट्री लेवल) में हुई थी। इसी तरह, कक्षा छह से आठ के शिक्षकों के स्नातक प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति लेवल-आठ में 47,600 के वेतनमान (एंट्री लेवल) पर हुई थी। अब कक्षा एक से पांच के लिए इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पदों पर नियुक्ति लेवल-चार में 25,500 के वेतनमान (एंट्री लेवल) में होगी। इसी तरह, कक्षा छह से आठ के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पदों पर नियुक्ति लेवल-पांच में 29,200 के वेतनमान (एंट्री लेवल) पर होगी।
इंटर प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के कितने पद सरेंडर
बोकारो : 645
चतरा : 495
देवघर : 775
धनबाद : 998
दुमका : 1,123
गढ़वा : 475
गिरिडीह : 983
गोड्डा : 1,109
गुमला : 429
हजारीबाग : 430
जामताड़ा : 647
खूंटी : 272
कोडरमा : 265
लातेहार : 640
लाेहरदगा : 344
पाकुड़ : 684
पलामू : 721
पश्चिमी सिंहभूम : 1,427
पूर्वी सिंहभूम : 1,292
रामगढ़ : 345
रांची : 1,165
साहिबगंज : 832
सरायकेला खरसावां : 851
सिमडेगा : 199












Click it and Unblock the Notifications