अरविंद केजरीवाल के साथ हैदराबाद पहुंचे पंजाब के सीएम भगवंत मान, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान हैदराबाद पहुंचे। केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के साथ मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया और केंद्र सरकार पर लाइव होकर कई आरोप लगाए। दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम राजधानी दिल्ली में सेवाओं के कंट्रोल से संबंधित केंद्र के अध्यादेश का विरोध करने के लिए भारत राष्ट्र कमेटी (बी.आर.एस.) का समर्थन मांगने के लिए पहुंची हुई है।
इस अध्यादेश के विरोध हेतु आम आदमी पार्टी के द्वारा अन्य राजनीतिक नेताओं के साथ मुलाकातें की जा रही हैं। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और केंद्र ने RDF का पैसा रोक कर पंजाब के साथ अच्छा नहीं किया। इसी के साथ-साथ उन्होंने नीति आयोग की बैठक में शामिल न होने का ज़िक्र भी किया। उन्होंने कहा कि हम देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
ज़िक्रयोग्य है कि केजरीवाल इस अध्यादेश के खिलाफ समर्थन जुटाने के लिए गैर-बीजेपी सत्ताधारी दलों के नेताओं से संपर्क कर रहे हैं ताकि संसद में इस संबंध में विधेयक लाने की केंद्र सरकार की कोशिश नाकाम हो जाए। इस सप्ताह की शुरुआत में केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार के साथ मुलाकात कर इस मामले में उनका समर्थन मांगा था। केजरीवाल ने इस मामले में समर्थन के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी नेता राहुल गांधी से भी मिलने का समय मांगा है।












Click it and Unblock the Notifications