लाइव आकर सीएम भगवंत मान ने पंजाब के नौजवानों को दिया खास संदेश, कही ये बात
सीएम भगवंत मान ने पंजाब के नौजवानों को खास संदेश दिया है। नौजवानों से अपने विचार साझा किए।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज लाइव होकर पंजाब के नौजवानों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज मैं पंजाब के युवाओं के साथ सीधी बातचीत करने के लिए लाइव आया हूं ताकि सरकार की रोज़गार से संबंधित उपलब्धियों के बारे में अपने विचार सांझे कर सकूं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने नौजवानों को सरकारी नौकरियां देने के लिए दिन-रात एक किया।
जहां-जहां नौकरियों के मौके पैदा हुए वहां नौजवानों को नियुक्ति पत्र बांटे गए। उन्होंने कहा कि मुझे ये बताते हुए बहुत ख़ुशी होती है कि सवा साल में लगभग 29,000 से ज़्यादा सरकारी नौकरियां आम आदमी पार्टी की सरकार युवाओं को दे चुकी है जोकि अपने आप में ही एक रिकॉर्ड है क्योंकि किसी भी सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले साल के दौरान इतनी नौकरियां नहीं दीं।
सरकारी नौकरियों के इलावा प्राइवेट नौकरियों को लेकर उन्होंने कहा कि हम प्राइवेट सेक्टर में भी नौकरियों के अवसर पैदा करने को लेकर काम कर रहे हैं जिसके लिए इंडस्ट्री में जो लोग इंवेस्टमेंट करना चाहते हैं उन्हें उत्साहित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में लगने वाले इंवेस्टमेंट के लगभग 48 हज़ार करोड़ रुपये निश्चित हो चुके हैं जिसके परिणामस्वरूप राज्य में 2 लाख से भी अधिक रोज़गार के मौके पैदा होंगे।
उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि अब पंजाब के नौजवान लड़के-लड़कियों को नौकरी की तलाश में विदेश का रुख करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी चूंकि सरकार पंजाब में ही वर्ल्ड क्लास एजुकेशन और नौकरियां मुहैया करवाने को लेकर लगातार प्रयास कर रही है ताकि पंजाब को 'रंगला पंजाब' बनाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications