पंजाब: किसानों के लिए बड़ी राहत, सीएम मान ने किया फसल खराबे के मुआवजे में 25% वृद्धि का ऐलान
सीएम मान ने फसल खराबे के मुआवजे में 25% वृद्धि का ऐलान किया है, जिसके बाद पंजाब के किसानों को बड़ी राहत मिली है।

चंडीगढ़: पंजाब के किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फसलों के खराबे के मुआवजे में 25 प्रतिशत वृद्धि का ऐलान किया है। मोगा, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और पटियाला के गांवों का तूफानी दौरा करते हुए सीएम मान ने कहा कि अगर फसल का नुकसान 75 प्रतिशत से अधिक होता है तो राज्य सरकार किसानों को 15,000 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवदा देगी।
उन्होंने कहा कि यदि नुकसान 33 से 75 प्रतिशत तक होता है, तो किसानों को 6750 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। भगवंत मान ने कहा कि मजदूरों को 10 प्रतिशत मुआवजा दिया जाएगा, जिससे उनको कोई वित्तीय मुश्किल पेश ना आए। उन्होंने कहा कि पूरे मकान के नुकसान के मुआवजे के तौर पर 95100 रुपए दिए जाएंगे, जबकि घरों के मामूली नुकसान के लिए 5200 रुपए दिए जाएंगे।
प्राकृतिक आपदा से किसानों को बचाने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार फसल बीमा योजना लाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ऐलानी गई फसल बीमा योजना केवल कागजों तक ही सीमित रह गई थी, परन्तु राज्य सरकार की योजना से किसानों को असली राहत मिलेगी।
उन्होंने अफसोस प्रकट किया कि आज-कल 20 मिनट की ओलावृष्टि किसानों के चेहरों पर मुसीबत ला देती है, परन्तु यह योजना किसानों के हितों की रक्षा करेगी। भगवंत मान ने किसानों को आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार इस मुश्किल घड़ी में किसानों के साथ है और उनके कल्याण के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।
खराब मौसम के कारण किसानों के हुए नुकसान का मुआवदा देने का प्रण लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों और खेत मजदूरों के कल्याण के लिए हमेशा वचनबद्ध है और रहेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी सरकार हमेशा ही किसानों और उनके हकों की हिमायती रही है और सरकार ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए कई योग्य कदम उठाए हैं। भगवंत मान ने कहा कि वह उन बहुसंख्यक किसानों की पीड़ा और दर्द को अच्छी तरह से समझते हैं, जिनको मौसम में अचानक आई तबदीली के कारण भारी नुकसान बर्दाश्त करना पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार बरसात खड़ी गेहूँ और रबी की अन्य फसलों के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि बदकिस्मती से तेज हवाएं और ओलावृष्टि के साथ आई बारिश ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है और बड़ी संख्या में किसानों की रोज़ी-रोटी को चोट पहुंचाई है। भगवंत मान ने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि कई एकड़ से अधिक कृषि योग्य क्षेत्रफल प्रभावित हुआ है क्योंकि इस पड़ाव पर रबी की फसलें कटाई के लिए लगभग तैयार थीं।
मुख्यमंत्री ने अफ़सोस ज़ाहिर किया कि ऐसे मामलों में जहाँ किसान कटाई नहीं कर सकेंगे या उनकी फ़सलों का उत्पादन घट गया है, उनका लगभग पूरा सीजन बर्बाद हो गया और उनकी रोज़ी-रोटी को भारी नुकसान पहुँच सकता है। भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने पहले ही वित्त कमिश्नर (राजस्व) को हिदायत की है कि वह सम्बन्धित डिप्टी कमिश्नरों को बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत विशेष गिरदावरी करने के लिए विस्तृत हिदायतें जारी करें, जिससे फसलों, बाग़ों और घरों को हुए नुकसान का पहल के आधार पर पता लगाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications