Andhra Pradesh: नारा लोकेश की पदयात्रा मार्ग में भारी पुलिस तैनात, सीएम पर साधा निशाना

TDP के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश की चल रही पदयात्रा 'युवा गालम' (Yuva Galam) शुक्रवार को अपने 22वें दिन सत्यवेदु निर्वाचन क्षेत्र को कवर करने के बाद श्रीकालहस्ती विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। वहां पर करीब सभी जगहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला पुलिस ने निर्देश जारी किए हैं कि लोकेश अपनी पदयात्रा के दौरान गांवों में लोगों को संबोधित ना करें।
जानकारी के मुताबिक लोकेश को स्थानीय लोगों को संबोधित करने से रोकने के लिए सभी गांवों में भारी पुलिस बल की तैनाती देखी गई। हालांकि प्रतिबंधों के बावजूद उन्होंने ग्रामीणों से बात की और अपने समर्थकों के साथ सेल्फी ली। उन्होंने श्रीकालाहस्ती के बाहरी इलाके में TIDCO आवासों के लाभार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें बताया कि टीडीपी शासन के दौरान लाभार्थियों को 3552 घर स्वीकृत किए गए हैं और इन आवास इकाइयों का 90 प्रतिशत निर्माण पिछली सरकार द्वारा पूरा किया गया है। वर्तमान सरकार ने शेष 10 प्रतिशत पूरा नहीं किया। उनके अनुरोध का जवाब देते हुए लोकेश ने कहा कि टीडीपी ने टीआईडीसीओ आवास योजना केवल इस उद्देश्य से शुरू की है कि आम आदमी भी समृद्ध दिखने वाले घर में रह सके और राज्य भर में 3.13 लाख से अधिक इकाइयों का निर्माण हो।
वहीं बाद में श्रीकालहस्ती के पास जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी मेरी पदयात्रा से डर रहे थे और वे उन लोगों को पदोन्नति की पेशकश कर रहे थे जिन्होंने मेरे वाहनों को जब्त कर लिया था। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि मुख्यमंत्री पदयात्रा में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने श्रीकालहस्ती में उनका जोरदार स्वागत करने के लिए लोगों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 'गजनी' की तरह हैं क्योंकि वह अपने सभी वादों को भूल जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications