आंध्र प्रदेश: बिजली दरों में बढ़ोतरी पर भड़के चंद्रबाबू नायडू, बोले- ये लोगों पर दोहरी मार
विजयवाडा, 2 अप्रैल: आंध्र प्रदेश में विपक्ष के नेता और टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का सख्त विरोध किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आंध्र की वाईएस जगन मोहन रेड्डी सरकार बिजली शुल्क बढ़ाकर सिर्फ तीन साल में लोगों पर 42,172 करोड़ रुपए का बोझ डाल चुकी है। उन्होंने कहा कि बिजली की बढ़े दरें तुरंत वापस होनी चाहिए।

टीडीपी नेताओं की एक बैठक में नायडू ने कहा कि जिस तरह से राज्य में बिजली महंगी की जा रही है, उससे ना सिर्फ आम लोगों की कमर टूट रही है बल्कि राज्य में नई इंडस्ट्री भी नहीं आएगी। नायडू ने कहा कि लोग पहले से ही पेट्रोल, डीजल, रेत, सीमेंट, शराब और आवश्यक वस्तुओं की ऊंची दरों और अत्यधिक घर और कचरा करों के बोझ तले दबे हुए हैं। बिजली शुल्क में एक और बढ़ोतरी का उनका जीवन पर बुरा असर पड़ेगा। ऐसे में सरकार को बिजली दरों में बढ़ोतरी को वापस लेना चाहिए।
टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने वाईएसआरसी सरकार के पिछले तीन वर्षों में सात बार बिजली शुल्क में वृद्धि के विरोध में लालटेन लेकर प्रदर्शन किया। बता दें कि आंध्र प्रदेश बिजली नियामक आयोग (ईआरसी) ने 2022-23 के लिए घरेलू बिजली के दाम बढ़ाए हैं। ईआरसी के अनुसार, बिजली दरों में वृद्धि से 170 लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित होंगे। घरेलू खपत वाली बिजली की दरों में छह भिन्न स्लैब में 45 पैसे से 1.57 रुपये प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है।












Click it and Unblock the Notifications