झारखंड बनने के बाद पहली हाउसिंग कॉलोनी धुर्वा में बनेगी
झारखंड गठन के 21 वर्षों के बाद रांची में पहली हाउसिंग कॉलोनी बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य गठन से पहले हरमू, बरियातू और अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी का निर्माण हुआ था। पिछले 21 वर्षों में रांची की आबादी बेतहाशा बढ़ी, पर ए
रांची,8 सितंबर-झारखंड गठन के 21 वर्षों के बाद रांची में पहली हाउसिंग कॉलोनी बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य गठन से पहले हरमू, बरियातू और अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी का निर्माण हुआ था। पिछले 21 वर्षों में रांची की आबादी बेतहाशा बढ़ी, पर एक भी नई कॉलोनी विकसित नहीं हुई। इसे देखते हुए झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने धुर्वा के आनी गांव में करीब 100 एकड़ जमीन पर नई कॉलोनी बनाई जाएगी। यहां पांच कैटेगरी के लोगों के लिए जमीन उपलब्ध होगी। इनमें उच्चतम, उच्च, मध्यम, कम आय वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1500 से 3600 वर्गफीट तक का जमीन की प्लाटिंग होगी। ऑनलाइन लॉटरी से सभी प्लॉट का आवंटन होगा।

हाउसिंग कॉलोनी में रहने वालों को सभी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। छोटे-बड़े छह पार्क, ओपन जिम, कम्युनिटी हॉल और मार्केटिंग कांप्लेक्स का निर्माण होगा। कॉलोनी के लिए आवास बोर्ड ने आनी, मुड़मा, जगरनाथपुर, तिरिल और भुसूर के 199.53 एकड़ जमीन का ड्रोन सर्वे करने के लिए प्रस्ताव मांगा है। अगले वर्ष प्लॉटिंग करके लॉटरी के माध्यम से जमीन आवेदकों को दी जाएगी।
स्मार्ट सिटी में प्रीमियर क्लास के लिए प्लॉटिंग की तैयारी
रांची स्मार्ट सिटी के मास्टर प्लान में भी जल्द संशोधन होगा। संशोधित प्लान में आवासीय क्षेत्र में बढ़ोतरी होगी। व्यावसायिक क्षेत्र को कम करते हुए करीब 75 एकड़ आवासीय क्षेत्र में प्लॉटिंग की जाएगी। आवासीय प्लॉट भी प्रीमियर क्लास की होगी। 10 डिसमिल का एक प्लॉट बनाने की तैयारी है। ऐसे में आवासीय प्लॉट की तय कीमत में बढ़ोतरी होने की भी संभावना है।
आनी में 3168 व भुसूर में 1232 फ्लैट बनेंगे
नगर विकास विभाग की ओर से बेघरों के लिए फ्लैट बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। धुर्वा के आनी और भुसूर में 459 करोड़ रुपए की लागत से 4400 फ्लैट का निर्माण कराया जाएगा। आनी में 3168 फ्लैट बनेंगे। नौ मंजिले अपार्टमेंट के 22 ब्लॉक बनाने की तैयारी है। वहीं, भुसूर में सात मंजिले 11 ब्लॉक बनेंगे। इसमें 1232 फ्लैट होंगे। जुडको ने इंजीनियरिंग प्रॉक्यूमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (इपीसी) मोड पर फ्लैट बनाने के लिए कंसल्टेंट से प्रस्ताव मांगा है। अगले वर्ष से फ्लैट का निर्माण शुरू हाेगा।
जानिए...कॉलोनी में रहने वालों को क्या सुविधाएं मिलेंगी
30 फीट चौड़ी सड़क कॉलोनी में होगी, रोड के किनारे पाथ वे बनेगा
पार्क-खेल मैदान के साथ लैंड स्केपिंग कर चारों ओर पौधे लगेंगे
जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाई जाएगी, हर फ्लैट में पानी मिलेगा
सीवरेज और ड्रेनेज बनेगा, सैंट्रलाइज्ड सेप्टिक टैंक बनेगा, जिससे फ्लैट जुड़े रहेंगे
कॉलोनी को चारों ओर से कंटीली तार से घेराबंदी होगी, ताकि बाहरी तत्व प्रवेश न करें
अगले वर्ष प्लॉटिंग करके जमीन का आवंटन हाेगा
आनी में नई कॉलोनी बनाने के लिए बहुत जल्द सर्वे शुरू होगा। सभी आय वर्ग को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी विकसित की जाएगी। बेसिक सुविधाएं भी दी जाएंगी, ताकि लोगों को बाहर जाने की जरूरत न पड़े। एक साल के अंदर हजारों परिवार के अपने घर का सपना पूरा होगा। अमित कुमार, एमडी, आवास बोर्ड












Click it and Unblock the Notifications