पंजाब के बाद हिमाचल को फतेह करने में जुटी आप, केजरीवाल कई नामी चेहरों पर लगा सकते हैं दांव
नई दिल्ली, 22 मार्च: पंजाब चुनाव में मिली जबदस्त जीत के बाद आम आदमी पार्टी का हौसला और बुलंद हो गए हैं। अब अरविंद केजरीवाल की निगाह दिल्ली के पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश पर है।हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत तक होंगे लेेकिन आम आदमी पार्टी (आप) प्रदेश में सबसे पहले चुनावी दंगल में कूदने की तैयारी कर रही है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान छह अप्रैल को नवरात्र के दौरान मंडी में रोड शो करेंगे। इसके जरिये पूरे प्रदेश को संदेश दिया जाएगा कि आप पूरे दमखम के साथ चुनावी रण में उतर रही है। सूत्रों के अनुसार पार्टी कई नामी चेहरों पर दांव खेल सकती है। जिन लोगों की आप में शामिल होने की चर्चा है, उनमें भाजपा के एक विधायक और एक पूर्व सांसद का नाम भी है। हालांकि इन नेताओं ने अभी चुप्पी साध रखी है।
हिमाचल विकास कांग्रेस (हिविकां) के तत्कालीन सुप्रीमो पंडित सुखराम ने वर्ष 1998 में भाजपा को सत्ता की सीढ़ी दी थी। हिविकां के सहारे पार्टी ने पहली बार पांच साल तक सरकार चलाई। अब करीब ढाई दशक बाद उसी मंडी से आप हिमाचल के लिए चुनावी शुरुआत करेगी। पंजाब के चुनाव से उत्साहित पार्टी का शुभारंभ कैसा होगा, इस पर पूरे प्रदेश की निगाहें लगी हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों में सियासी सेंधमारी शुरू हो गई है जो आने वाले दिनों में तेज होगी।
आप से किसे पार्टी को होगा नुकसान
मजबूत काडर वाली भाजपा और विपक्ष में बैठकर सत्ता में आने के सपने देख रही कांग्रेस दोनों में आप किसे ज्यादा नुकसान पहुंचाएगी, इस संबंध में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। जिस दल के नेता और मतदाता ज्यादा छिटकेंगे, उसे अधिक नुकसान पहुंचेगा।
पार्टी नेता क्या कहते हैं?
हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी के प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने कहा छह अप्रैल को मंडी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आएंगे। वहां से पूरे प्रदेश के लिए संदेश दिया जाएगा। हिमाचल में आप सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा रोड शो चौंकाने वाला होगा। कांग्रेस और भाजपा के भीतर आप से खलबली मची है। कई बड़े नेता आप में शामिल हो सकते हैं। मंडी में होने वाले कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications