हरियाणा सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों का लिया जायजा
पंचकूला, 1 जून। हरियाणा में होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स की पल-पल की जानकारी देश व दुनिया तक पहुंचेगी। इसके लिए विशेष तौर पर सभी सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डा. अमित अग्रवाल ने सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेलों तथा मीडिया सेंटर की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

डा. अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मीडिया सेंटर में सभी सुविधाएं होनी चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने ओपनिग सेरेमनी के लिए तैयार किए गए मुख्य मंच, मीडिया लाउंज, फोटो प्वाइंट इत्यादि का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 की पल-पल की जानकारी देश व दुनिया तक पहुंचाई जाएगी।
डा. अग्रवाल ने बताया कि 4 जून को पंचकूला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की ओपनिग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। इसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा निरंतर खेल क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ रहा है और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण के आयोजन के बाद हरियाणा की खेल उपलब्धियों में एक और आयाम जुड़ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications