देसी डॉग के बच्चे के साथ AAP नेता का वादा, बोले- जीते चलाएंगे 'Be Indian, Adopt Indian' की मुहिम
दिल्ली में आवारा कुत्तों के आतंक को कम करने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एक अनोखा अभियान चलाने की बात कही है।
Delhi MCD Election: दिल्ली एमसीडी चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय राजधानी के सभी क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। राज्य में आवारा कुत्तों के आतंक को कम करने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एक अनोखा अभियान चलाने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि अगर दिल्ली एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो 'Be Indian, Adopt Indian' मुहिम चलाई जाएगी।

सौरभ भारद्वाज प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे तो वह अपने साथ देसी कुत्तों के बच्चे भी हाथ में लिए हुए थे। AAP की ओर से ये ऐलान किया गया है कि अगर एमसीडी में AAP की सरकार बनती है तो हम ऐसा कैंपेन चलाएंगे जहां लोग देसी कुत्तों को अडॉप्ट कर सकें। वहीं आम आदमी पार्टी के विधायक और प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज अपने हाथ में देसी डॉग के बच्चों को प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेकर बैठ गए। सौरभ भारद्वाज ने बताया कि एमसीडी में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही 'Be Indian, Adopt Indian' मुहिम चलाएंगे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आप भारतीय हैं तो भारतीय नस्ल के कुत्तों को अपने घर पर जगह दीजिए। देसी नस्ल के कुत्तों को भी हमें घर देना चाहिए। देसी नस्ल के कुत्तों की खासियत बताते हुए कहा उन्होंने कहा कि देसी डॉग कई रंगों में पैदा होते हैं। आगे सौरभ भारद्वाज ने कहा, "इनके रंग लाल भूरे और काले होते हैं और ऐसे में इनका नाम रखने में भी दिक्कत नहीं आती है। जो काला हुआ उसे कालू, जो भूरा हुआ उसे भूरा, जो लाल हुआ उसे लालू। आज आम आदमी पार्टी इस मुहिम का ऐलान करती है और जब एमसीडी में सरकार बनेगी तो उसे एनजीओ के साथ मिलकर देसी डॉग को अडाप्ट करने का अभियान बड़े स्तर पर चलाया जाएगा।"
आगे सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली की हर कॉलोनी में दो ग्रुप होते हैं एक जो पशु प्रेमी है और दूसरे जो चाहते हैं कि आवारा कुत्तों को हटाया जाए. दिल्ली सरकार पिछले कई सालों से आवारा कुत्तों के मसले पर एमसीडी से चर्चा कर चुकी है और इस मामले को दिल्ली विधानसभा में भी उठाया गया था। एमसीडी को आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने में कोई दिलचस्पी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications