आम आदमी पार्टी ने मणिपुर और मध्य प्रदेश का किया जिक्र, कहा- कानून व्यवस्था की बात न करे BJP
जयपुर: प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे कांग्रेस और भाजपा के साथ ही अब आम आदमी पार्टी भी अपनी जमीन को मजबूत करने में जुटी हुई है। प्रदेश के मौजूदा हालातों को मुद्दा बनाते हुए आप ने खुद को विकल्प के रूप पेश किया है।
यही वजह है कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रमुख दलों पर लगातार निशाना साध रही है। आप ने प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था के लिए जहां कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, सरकार आने पर कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने का दावा कर रही भाजपा को भी आइना दिखाया।

आप के मुख्य प्रवक्ता योगेंद्र गुप्ता ने कहा कि मणिपुर और मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था को देश ने देखा है। ऐसे में भाजपा को राजस्थान में बेहतर कानून व्यवस्था देने की बात नहीं करनी चाहिए। योगेंद्र गुप्ता ने कहा कि पिछले करीब साढ़े चार साल में कांग्रेस ने राजस्थान को अराजकता के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है।
जनता ने कांग्रेस को राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कानून व्यवस्था जैसी समस्या के स्थायी निराकरण के लिए मैंडेट दिया था, लेकिन ये सरकार खरी नहीं उतरी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक भरत सिंह भी कई बार मुख्यमंत्री को चिट्ठियां लिख चुके हैं, लेकिन सीएम किसी भ्रष्टाचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते हैं।
यहां महिलाओं व बहन-बेटियों की आबरू लूटी जा रही हैं। सरेआम लोगों की हत्या हो रही है, लेकिन गहलोत सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।












Click it and Unblock the Notifications