केजरीवाल से मिले हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता, बताया- जोड़े जाएंगे 2 लाख से ज्यादा पदाधिकारी
Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता और प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष अशोक तंवर ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक भी मौजूद रहे।
इसमें आगामी दिनों में संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की गई। वहीं, प्रदेश में परिवार जोड़ो अभियान को लेकर भी पार्टी की रणनीति साझा की। बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा और उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा के साथ हरियाणा से सचिव स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

सुशील गुप्ता ने बताया कि गांव और बूथ स्तर पर आम आदमी पार्टी संगठन पदाधिकारियों की नियुक्ति आगामी डेढ़ माह में की जाएगी। इसको लेकर प्रदेश में चल रही तैयारियों की जानकारी साझा की गई। इस दौरान राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से हरियाणा में आने के लिए समय मांगा गया।
परिवार जोड़ो अभियान को लेकर भी प्रदेश की हर विधानसभा सीट में चल रही तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। अशोक तंवर ने प्रदेश में आम आदमी पार्टी के सफल बिजली आंदोलन को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि जल्द ही आगामी बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार को लेकर परिवार जोड़ो अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने हरियाणा के पार्टी के मजबूत संगठन और 2 लाख से ज्यादा पदाधिकारियों की टीम गठित करने को लेकर भी चर्चा की। कहा कि डेढ़ माह में प्रदेश के हर गांव के प्रत्येक बूथ पर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी नियुक्त होंगे। तंवर ने बताया कि आम आदमी पार्टी का बिजली आंदोलन प्रदेश के प्रत्येक घर तक पहुंचा।
इस दौरान उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के संगठन विस्तार से विपक्षी पार्टियों में भी जबरदस्त उथल पुथल है। जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी का संगठन रोजाना मजबूत हो रहा है वहीं कांग्रेस में पदों को लेकर नेता आपस में लड़ झगड़ रहे हैं। कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की जनता को एक ईमानदार और मजबूत विकल्प दिया।












Click it and Unblock the Notifications