छत्तीसगढ़ में 40 लाख लोग गरीबी रेखा से ऊपर,एसडीजी की रिपोर्ट का हुआ विमोचन
CHHATTISGARH: छत्तीसगढ़ राज्य योजना आयोग द्वारा तैयार किये गये 'एसडीजी बेसलाईन एण्ड प्रोग्रेस रिपोर्ट, 2022 छत्तीसगढ़' का विमोचन बुधवार को राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम द्वारा योजना भवन, नवा रायपुर में किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक एसडीजी के विभिन्न लक्ष्यों में राज्य की ओर से उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है।

कार्यक्रम में 'एसडीजी बेसलाईन एण्ड प्रोग्रेस रिपोर्ट-2022 छत्तीसगढ़' पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। जानकारी दी गई कि स्टेट इंडिकेटर फ्रेमवर्क में शामिल 40 इंडिकेटर्स अंतर्गत 2030 का लक्ष्य 2022 में ही हासिल कर लिया गया है। 84 इंडिकेटर्स का 2030 तक का लक्ष्य भी आगामी 2-3 वर्षो में हासिल किया जाना संभावित है।
एसडीजी गोल 1 (नो पॉवर्टी)'' से संबंधित इंडिकेटर के उपलब्ध हुये डाटा के आधार पर यह साफ़ हुआ कि इस गोल को आंकलित करने वाले संकेतक 'मल्टीडायमेंशनल पॉवर्टी स्कोर' (एमपीआई स्कोर) अनुसार छत्तीसगढ़ में 40 लाख लोगो को गरीबी रेखा से ऊपर हुए है, जिसमें राज्य की प्रमुख योजनाएं-राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी, मुख्यमंत्री हाट बाजार, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, पढ़ई तुहर द्वार इत्यादि का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
एमपीआई स्कोर मूलतः 12 संकेतको का इंडेक्स है, जो कि पोषण, स्वास्थ्य, जीवन स्तर, शिक्षा एवं वित्तीय समावेशन से संबंधित होते है। संकेतक-'स्वास्थ्य योजना एवं बीमा कवरेज' में भी छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन बहुत ही अच्छा रहा है। इसमें राज्य की प्रमुख योजना जैसे-खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, मुख्यमंत्री दवापेटी योजना, मुख्यमंत्री बाल श्रवण एवं हृदय योजना, दाई-दीदी एवं महतारी जतन योजना का विशेष योगदान है।
छत्तीसगढ़ राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सतत विकास लक्ष्य (एस.डी.जी.) लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध है। ''जनघोषणा पत्र'' के उद्देश्यों में भी एस.डी.जी. लक्ष्य के अनुरूप 'अंत्योदय' का संकल्प सम्मिलित है। एस.डी.जी. के सिद्धांत के अनुरूप ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार अपनी योजनाओं को इस प्रकार क्रियान्वित कर रही है, जिससे विकास के लाभ आखरी छोर पर बैठे व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
एस.डी.जी. के क्रियान्वयन के लिये राज्य सरकार के विभागों द्वारा अनवरत प्रयास अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि राज्य योजना आयोग द्वारा तैयार की गई 'एसडीजी बेसलाईन एण्ड प्रोग्रेस रिपोर्ट, 2022 छत्तीसगढ़' तय लक्ष्य की प्राप्त करने की दिशा में पथ प्रदर्शक का कार्य करेगा।












Click it and Unblock the Notifications