Punjab Election 2027: अकाली 'बड़ा भाई', वोटशेयर बढ़ने के बाद भी बीजेपी नर्म? SAD-BJP Alliance इनसाइड स्टोरी

Punjab Election 2027: पंजाब की सियासत में 6 साल की जुदाई के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक बार फिर साथ आ गए हैं। 24 दिसंबर 2026, गुरु नानक जयंती के मौके पर दिल्ली भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का औपचारिक ऐलान किया।

इस ऐलान की सबसे बड़ी राजनीतिक सुर्खी अमित शाह की वह घोषणा रही, जिसमें उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन में अकाली दल 'बड़े भाई' की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री पद भी उसी के हिस्से में आएगा। पहली नजर में यह फैसला थोडा चौंकाने वाला लग सकता है, क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का वोट शेयर (18.56%) अकाली दल (13.42%) से पांच फीसदी से ज्यादा था। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर भाजपा ने अपने दावे से पीछे हटकर अकाली दल को मुख्यमंत्री की कुर्सी क्यों सौंपी?

Inside story of BJP-SAD alliance in Punjab for assembly election 2027
Photo Credit:

कुछ महीने पहले तक पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेता अकेले सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने और मुख्यमंत्री पद पर दावा करने के पक्ष में थे। लोकसभा चुनाव में वोट शेयर 9.63% (2019) से बढ़कर 18.56% (2024) होने से प्रदेश इकाई का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ था। प्रदेश में नये अध्यक्ष की ताजपोशी कर भाजपा चुनाव से पहले अपना कुनबा मजबूत करने की लगातार कोशिश कर रही थी।

लेकिन समीकरण तब बदले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी नेताओं को संकेत दिया कि पंजाब का चुनाव अकाली दल के साथ मिलकर लड़ना बेहतर होगा। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कमान संभाली। करीब तीन महीने तक सुखबीर सिंह बादल के साथ कई दौर की बैठकों के बाद शाह ने वे कठिन शर्तें नरम कीं, जिनकी वजह से 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बातचीत टूट गई थी।

Maths behind the BJP-SAD alliance

क्यों बैकफुट पर आई बीजेपी? क्या है पार्टी की आंतरिक सर्वे का सच?

भाजपा के पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया के नेतृत्व में कराए गए कई दौर के आंतरिक सर्वेक्षणों ने पार्टी हाईकमान को जमीनी हकीकत दिखा दी थी। सूत्रों के अनुसार, इन सर्वे में तीन अहम बातें सामने आईं। अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति में भाजपा और अकाली दल, दोनों महज एक दर्जन सीटों के आसपास सिमट सकते थे।

भारतीय जनता पार्टी पिछले कई वर्षों से पंजाब में अपनी जमीन तैय्यार करने के लिए अथक प्रयास कर रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह जैसे कद्दावर नेता को अपने पाले में किया, एक और पूर्व कांग्रेसी सुनील जाखर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी की सिख समुदाय तक सीधी पहुंच की तमाम कोशिशों के बावजूद भाजपा ग्रामीण और जट्ट सिख मतदाताओं के बीच अपना मजबूत विकल्प नहीं बना सकी।

यदि दोनों दल अलग लड़ते, तो आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ नाराजगी (anti-incumbency) का फायदा कांग्रेस को मिल सकता था या वोट बिखरने से AAP फिर बढ़त बना लेती। लेकिन साथ आने से मतदाताओं को एक 'जीतने वाला विकल्प' दिखाई देता है।

दोनों दलों के 2024 के वोट शेयर को जोड़ें तो यह आंकड़ा करीब 32 फीसदी (लगभग 43 लाख वोट) तक पहुंचता है, जो किसी भी त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय मुकाबले में निर्णायक हो सकता है।

ये भी पढें: Punjab Chunav: 6 साल बाद NDA में अकाली दल, BJP के साथ लड़ेगा चुनाव,अमित शाह ने पंजाब के लिए क्या किए ऐलान?
ये भी पढें: Punjab Chunav: 6 साल बाद NDA में अकाली दल, BJP के साथ लड़ेगा चुनाव,अमित शाह ने पंजाब के लिए क्या किए ऐलान?

अलायंस का ऐलान तो हो गया लेकिन पिक्चर अभी बांकी है

भले ही मुख्यमंत्री पद पर सहमति बन गई हो, लेकिन सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि इस पर आने वाले दिनों में फैसला होगा। 1997 से 2017 के बीच पुराने गठबंधन में अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर लड़ती थी। लेकिन अब राजनीतिक हकीकत बदल चुकी है।

पिछले छह सालों में भाजपा ने कांग्रेस और अन्य दलों के कई प्रमुख जट्ट सिख नेताओं को शामिल किया है और राज्य की 32 फीसदी से ज्यादा दलित आबादी (डेरा बल्लां और संत रविदास की 650वीं जयंती यात्रा के जरिए) पर भी बड़ा दांव लगाया है। राजनीतिक विश्लेषकों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार भाजपा 40 से 50 सीटों की हिस्सेदारी मांग सकती है। शहरी और अर्ध-शहरी सीटों पर तालमेल बिठाना दोनों दलों के लिए पहली बड़ी परीक्षा होगी।

अमित शाह ने इस गठबंधन को 'हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक' बताते हुए 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करने और गैंगस्टरवाद खत्म करने का वादा किया है। लेकिन जमीनी हकीकत बताती है कि तीन बार (1997, 2007, 2012) सत्ता में रहे इस गठबंधन के लिए वापसी की राह पहले जैसी आसान नहीं है। पंजाब में चौथी बार सरकार बनाने का सपना लेकर उतरने वाली अकाली-भाजपा गठबंधन को इन चुनौतियों से पार पाना होगा।

AAP का कल्याणकारी कवच: मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार इस बार सिर्फ वादों पर नहीं, बल्कि योजनाओं के दम पर मैदान में है। राज्य के करीब 90 फीसदी घरों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है और जुलाई 2026 में शुरू हुई 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' के तहत पात्र महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता मिल रही है। भगवंत मान ने गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि सालों तक एक-दूसरे को कोसने वाले दोनों दल अब सत्ता के लिए साथ आए हैं।

पंथक वोटों में नई सेंध: हालांकि प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बीबी जागीर कौर जैसे पुराने नेता अकाली दल में लौट आए हैं और दो किसान संगठनों का रुख भी नरम हुआ है, लेकिन पंथिक राजनीति अब पहले जैसी नहीं रही। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह का अकाली दल (वारिस पंजाब दे) और अकाल तख्त के पूर्व कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह का अकाली दल (पुनर सुरजीत) अकाली दल के पारंपरिक वोट बैंक के लिए सीधी चुनौती बने हुए हैं।

कृषि कानूनों की छाया और कांग्रेस का हमला: गठबंधन के ऐलान के कुछ ही घंटों बाद चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस की 41 सदस्यीय चुनाव समिति की पहली बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी सचिन पायलट ने की। कांग्रेस इस गठबंधन में अपने लिए राजनीतिक मौका देख रही है। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने इसे '0+0=0' करार देते हुए कहा कि सुखबीर बादल चुनाव में फेल हुई भाजपा को 'डंकी रूट' से पंजाब में एंट्री दिला रहे हैं। वहीं सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने सवाल उठाया कि क्या केंद्र ने MSP की कानूनी गारंटी दे दी है और कृषि आंदोलन में जान गंवाने वाले 700 से ज्यादा किसानों पर अकाली दल का क्या रुख है?

ये भी पढें: 'कॉकरोच कभी नहीं मरेंगे', इस राज्य में BJP का खेल बिगाड़ेगी CJP? अब धारा 39A हटाने की हो रही है मांग
ये भी पढें: 'कॉकरोच कभी नहीं मरेंगे', इस राज्य में BJP का खेल बिगाड़ेगी CJP? अब धारा 39A हटाने की हो रही है मांग

SAD-BJP साथ - मजबूत कांग्रेस का हाथ? 'AAP' का क्या होगा?

चुनाव में छोटी-छोटी बातों का भी बडा असर होता है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणी अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी न गठबंधन की वापसी का ऐलान कर न केवल चुनाव का रुख मोड दिया है बल्कि सूबे के सियासत पर इसके दीगर असर भी होंगे। पहला तो यह चतुष्कोणीय मुकाबला त्रिकोणीय मुकाबले में बदल जाएगा। इस गठबंधन को कांग्रेस बहरहाल 0+0=0 कह रही हो लेकिन पॉलिटिक्स में 1+1=11 होते देर नहीं लगती।

दूसरी तरफ अचानक कांग्रेस पार्टी में आए एक्साइटमेंट का कारण भी अकाली-भाजपा गठबंधन है। सियासत में जो सामने दिखता है पर्दे के पीछे उससे कहीं ज़्यादा होता है। कांग्रेस खुश है क्योंकि 'दुश्मन का दुश्मन दोस्त'। कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ नहीं है लेकिन अकाली-भाजपा गठबंधन आगामी चुनाव में यदि आम आदमी पार्टी का खेल खराब कर सकती है तो पार्टी के लिए पंजाब में नयी संभावना बन सकती है। कांग्रेस 'आप' की कमजोरी को अपनी मजबूती की तरह देख रही है।

बहरहाल, अकाली-भाजपा गठबंधन से पंजाब की सत्ता पर काबिज़ आम आदमी पार्टी सबसे ज़्यादा सकते में होगी। राज्य में बीजेपी का वोट-बैंक पहले से तो बढा ही था, अब अकाली वोट भी उसमें जुट जाएंगे। यह मतदाताओं का परसेप्शन बदलने में अहम हो सकता है। दूसरी तरफ राज्य में अकाली के प्रांतीय और पंथक आधार को भारतीय जनता पार्टी की मारक शक्ति मिल जाएगी। बेअदबी कानून, बेरोजगारी, इंफ्रास्ट्रक्चर और ड्रग की समस्या को लेकर लगातार आलोचकों के निशाने पर चल रही मौजूदा सरकार के बरअक्स अब दो मजबूत विकल्प होंगे।

Punjab Chunav: 6 साल बाद NDA में अकाली दल, BJP के साथ लड़ेगा चुनाव,अमित शाह ने पंजाब के लिए क्या किए ऐलान?
Punjab Chunav: 6 साल बाद NDA में अकाली दल, BJP के साथ लड़ेगा चुनाव,अमित शाह ने पंजाब के लिए क्या किए ऐलान?
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+