दिल्ली: कोरोना से 'अपनों' को खोने वाले 1241 परिवारों को मिले 50-50 हजार रुपये, CM केजरीवाल ने शुरू की थी योजना
नई दिल्ली, 7 सितंबर। केजरीवाल सरकार ने 'मुख्यमंत्री परिवार आर्थिक सहायता योजना' के अंतर्गत 1241 परिवारों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए। इन सभी परिवारों ने कोरोना के कारण अपने परिजन खोये हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी दिल्ली के सभी जिलों में आवेदन करने वाले 6230 परिवारों में से 5911 परिवारों के सत्यापन का कार्य पूरा हो गया है। जब भी सत्यापन का कार्य होता है और आवेदनों को मंजूर किया जाता है, अनुग्रह राशि भी रिलीज कर दी जाती है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस वर्ष 6 जुलाई को यह योजना शुरू की थी। लेकिन इस योजना में तब गति आई जब मुख्य सचिव विजय देव ने वरिष्ठ अधिकारियों को इस योजना को मॉनिटर करने और आवेदन किये गये सभी मामलों में सत्यापान का कार्य यथाशीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। प्रधान राजस्व सचिव एवं डिविजनल कमिश्नर संजीव खिरवार योजना के क्रियान्वयन की निगरानी कर रहे हैं। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने राशि आवंटन की प्रक्रिया को तेज करने का दिल्ली सरकार को निर्देश दिया था।
पिछले सप्ताह ही 5000 से अधिक आवेदनों के सत्यापन किये गये थे। सोमवार की शाम तक 6230 में से 5911 मामलों में सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि एप्रूव्ड केसों में दो कार्यदिवस के भीतर राशि बांटने का काम पूरा होने की संभावना है। अधिकारी ने खुलासा किया, "कुछ मामलों में शुरू में कुछ समस्याएं थीं। उदाहरण के तौर पर कुछ आवेदन मृतक के नाम से थे, जबकि कुछेक मामलों में परिजन शहर से बाहर थे।"
यह भी पढ़ें: दिल्ली परिवहन निगम के सात डिपो में बनेंगे इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग स्टेशन
उन्होंने कहा कि आवेदनकर्ताओं को पहले मृत्यु प्रमाण-पत्र और जीवित स्वजन प्रमाण-पत्र को तैयार करने एवं अपलोड करने में दिक्कतें आ रही थी। आवेदन करने वाले परिवारों की मदद के लिए जिला स्तर पर सैकड़ों सर्वेक्षण टीमें बनाई गई थी। संबंधित कार्यालयों को तीन दिन के भीतर हरेक आवेदन का निपटारा करने का निर्देश दिया था। इस योजना के तहत कोविड के शिकार व्यक्ति के परिवार को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि और माता-पिता खोकर अनाथ हुए बच्चों के लिए 2500 रुपये पेंशन दिये जाने का प्रावधान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications