Tamil Nadu: क्या अब भी तमिलनाडु को नफरत वाली सोच स्वीकार है?
Tamil Nadu: द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने हाल ही में सनातन धर्म के उन्मूलन पर केंद्रित एक सेमिनार में जो बोला है, उस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। अपने लिखित भाषण में उदयनिधि ने कोरोना वायरस और कुछ अन्य संक्रामक बीमारियों के साथ सनातन धर्म के बारे में कहा कि इनका सिर्फ विरोध नहीं, उन्मूलन किया जाना चाहिए।
कुछ यही भाषा पेरियार भी बोलते थे। शुरू में महात्मा गांधी के अनुयायी रहे पेरियार ने 1925 में तमिलनाडु के कांग्रेसी आंदोलन में ब्राह्मण वर्चस्व के विरोध में कांग्रेस छोड़ दी और ब्राह्मणों के विरोध में उतर गए। तमिलनाडु में देखते ही देखते उनका आंदोलन फैल गया। तमिलनाडु में कांग्रेस के समानांतर उनका संगठन फैलता चला गया।

पिछली सदी के अस्सी के दशक में एक शब्द बड़ी तेजी से फैला और देखते ही देखते वह राजनीति की केंद्रीय धुरी बन गया। वह शब्द रहा सामाजिक न्याय। सामाजिक न्याय शब्द सही मायने में पेरियार के ही आंदोलन से उभरा। पेरियार कहने को तो हिंदू धर्म में छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ थे। इसके लिए उन्होंने जो शब्दावली चुनी, वह ब्राह्मणवाद का विरोध रही। उनकी भाषा इतनी आक्रामक रही कि आजादी के बाद तो एक बार धर्मनिरपेक्षता के पैरोकार माने जाने वाले पहले प्रधानमंत्री नेहरू ने पेरियार को पागलखाने तक में डालने की बात कह डाली थी।
पेरियार का मानना था कि हिंदू या सनातन धर्म में जो भी कुरीतियां हैं, उसके लिए ब्राह्मण ही जिम्मेदार हैं। सदियों से पूजा-पाठ ब्राह्मणों का मुख्य कर्म रहा है, लिहाजा उन्होंने पूजा-पाठ, ईश्वरवाद आदि को खारिज करते हुए नास्तिक विचारधारा को बढ़ावा दिया। कहने को पेरियार का आंदोलन सामाजिक न्याय की खातिर ब्राह्मणवाद के विरोध में रहा, लेकिन देखते ही देखते वह ब्राह्मण समुदाय के विरोध में उतर गया।
पेरियार यहीं पर नहीं रूके। वे ब्राह्मणवाद विरोधी नास्तिकवाद की पैरोकारी करते-करते भारत से इतर तमिल इलाकों के लिए अलग द्रविड़ देश की मांग पर उतर आए। हां, यह बात और है कि उनके द्रविड़ राष्ट्र में आज का श्रीलंका भी था। लेकिन पेरियार के अनुयायी सीएन अन्नादुरै को अलग द्रविड़ राष्ट्र की मांग पसंद नहीं आई और उन्होंने 1949 में पेरियार के आंदोलन से नाता तोड़ कर अलग से द्रविड़ मुनेत्र कषगम् बनाई।
देखते ही देखते तमिलनाडु में अन्नादुरै का कद पेरियार से बड़ा हो गया। साठ के दशक के बाद से कुछ सालों का अपवाद छोड़कर तमिलनाडु की सत्ता इसी द्रमुक आंदोलन के हाथ रही। सनातन धर्म के उन्मूलन का समर्थन करनेवाले उदयनिधि उन्हीं अन्नादुरै के अनुयायी करूणानिधि के राजनीतिक और पारिवारिक वारिस हैं।
रामास्वामी पेरियार की वैचारिकता में विध्वंस ज्यादा रहा। चूंकि तमिलनाडु की जनसंख्या में करीब सत्तर फीसदी आबादी पिछड़े वर्ग की है और करीब इक्कीस प्रतिशत लोग दलित हैं, लिहाजा ब्राह्मणवाद और कालांतर में ब्राह्मणविरोध की राजनीति को वहां परवान चढ़ना ही था। संख्या बल की राजनीति में गुणात्मक राजनीति को तिरोहित होना ही था। इसका असर यह हुआ कि राज्य के करीब तीन फीसद ब्राह्मणों के खिलाफ सूबे में माहौल जहरीला बनता गया।
जिन ब्राह्मणों के खिलाफ पेरियार ने कांग्रेस छोड़ी, उस कांग्रेस की ओर से राज्य में सिर्फ एक ब्राह्मण मुख्यमंत्री ही बन पाया और वे रहे चक्रवर्ती राजगोपालाचारी। ब्राह्मण विरोध की राजनीति के बाद राज्य के ब्राह्मणों को राज्य के बाहर ही अपना ठौर तलाशना पड़ा। ज्यादातर लोग केंद्रीय नौकरशाही में गए या वकालत का पेशा चुना। या फिर सिंगापुर, संयुक्त राज्य अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों का रूख किया।
अब द्रविड़ आंदोलन के सौ साल में यह देखना होगा कि पेरियार और द्रविड़ आंदोलन के चलते राज्य की राजनीति से ब्राह्मणों की विदाई तो हो गई, लेकिन समाप्त होने की बजाय वो नयी दिशाओं में निकल गये। वो अपनी तीक्ष्ण बुद्धि और मेधा के चलते नौकरशाही, वकालत या निजी कारोबार और नौकरियों में गए। सिर्फ गए ही नहीं, देखते ही देखते छा गए। अमेरिका की धरती पर प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे सुंदर पिचाई हों या इंदिरा नूई, वे उसी ब्राह्मण समुदाय से आते हैं, जिनके विरोध के नाम पर द्रविड़ राजनीति परवान चढ़ी।
तमिल श्यामला गोपालन की बेटी कमला हैरिस हों या रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में उभरे विवेक रामास्वामी, अमेरिकी राजनीति में आज ये लोग भारतीयता के गर्व के प्रतीक हैं। लेकिन कटु सत्य यह है कि वे उसी तमिल ब्राह्मण समुदाय से आते हैं, जिनके विरोध में पेरियार, अन्नादुरै, करूणानिधि और अब उदयनिधि की जुबान आग उगलती रही है या उगल रही है।
द्रविड़ विचारधारा की सौ साल की यात्रा में ईवी रामास्वामी 'पेरियार' की नास्तिक विचारधारा ने ना सिर्फ हिंदू या सनातन धर्म को खारिज किया है, बल्कि आर्यसमाज आंदोलन, विवेकानंद के रामकृष्ण मिशन के साथ ही गांधी के सनातनी चिंतन पर भी हमला बोला। इस दौर में गांधी के साथ सबसे ज्यादा जिस विवेकानंद ने समानता आधारित सनातनी विचार को बढ़ावा दिया है, उनको भी पेरियार ने नहीं बख्शा। द्रविड़ आंदोलन ने उसे भी खारिज किया है।
अगर पेरियार की नास्तिकवादी विचारधारा और अन्नादुरै के द्रविड़ आंदोलन को देखें तो शुरू में वह ब्राह्मण विरोधी नजर आता है, बाद में वह उग्र हिंदी विरोधी हो जाता है। कई बार वह उत्तर भारत विरोधी भी होता नजर आता है। यह पूरा विरोध कुल मिलाकर सनातन या हिंदू दर्शन और धर्म का विरोध बनकर रह जाता है। ऐसे में सनातन धर्म उन्मूलन वाला उदयनिधि का बयान एक तरह से पेरियार और अन्नादुरै के आंदोलन का समेकित रूप है।
आज द्रविड़ आंदोलन के लगभग सौ साल बाद इस बात की समीक्षा जरूर होनी चाहिए कि आखिर द्रविड़ आंदोलन का हासिल क्या है? आज भारत को इंदिरा नूई, सुंदर पिचाई और विवेक रामास्वामी पर गर्व होता है तो क्या उनकी तमिल पहचान को मिटा दिया जाएगा? सवाल यह है कि क्या तमिलनाडु में ऐसी प्रतिभाएं नहीं पनप सकती थीं? अगर ये प्रतिभाएं तमिलनाडु में होती तो क्या वे मौजूदा राजनीतिक दर्शन के मुताबिक पल्लवित-पुष्पित हो सकती थीं?
तमिलनाडु का जैसा राजनीतिक माहौल अभी है, उसमें ऐसा हो नहीं सकता था। इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण वर्तमान तमिल राजनीति की दुनिया है, जिसमें गिनकर चार ही नाम ब्राह्मण समुदाय से उभरे हैं। ये नाम हैं, सुब्रमण्यम स्वामी, मणिशंकर अय्यर, एस जयशंकर और निर्मला सीतारामन। इनमें सुब्रमण्यम स्वामी की राजनीति दिल्ली से उभरी है। बाकी तीनों के बारे में कहा जा सकता है कि अगर कांग्रेस और भाजपा के सर्वोच्च नेतृत्व की निगाह नहीं पड़ी होती तो क्या वे राजनीति की दुनिया में बड़े नाम बन सकते थे, इसके बावजूद कि वे अपने अपने क्षेत्र की योग्य प्रतिभाएं हैं।
रामास्वामी पेरियार और अन्नदुरै के आंदोलन के बरक्स राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आंदोलन को देखिए। संघ को वितंडा और विखंडनवाद से जोड़ कर देखा जाता है। अक्सर बांटने का आरोप उस पर लगाया जाता है। विडंबना ही है कि विखंडन का यह आरोप पेरियारवादी भी लगाते हैं, जिन्होंने समाज को उच्छृंखलता के हद तक बांटा और एक छोटे समुदाय को सबसे ज्यादा नकारात्मक तरीके से निशाना बनाया है।
इसके उलट संघ समन्वय की विचारधारा पर चलता रहा। इसकी वजह से उसका विस्तार देखिए। वह तकरीबन पूरे भारत में फैल चुका है। वह समाज के तमाम वर्गों के बीच अपनी मजबूत पैठ बना चुका है। उसकी वैचारिकी देश की सत्ता की केंद्रीय ताकत बन चुकी है। लेकिन रामास्वामी पेरियार की वैचारिकी को देखिए, वह तमिलनाडु से बाहर अपने विस्तार के बारे में सोच भी नहीं सकती।
अब एक सवाल यह भी उठता है कि क्या तमिलनाडु अब भी वैसा ही है, जैसा 1960 के दशक में था, जब वह हिंदी और उत्तर भारत के विरोध के नाम पर उबल पड़ता था या ब्राह्मण विरोध में आगे आता था? इस सवाल का जवाब तलाशते वक्त उस पीढ़ी के विचार को भी जानना चाहिए, जिसने हिंदी विरोधी आंदोलन में हिंदी से किनारा कर लिया। अब उस पीढ़ी को हिंदी ना सीख पाने का अफसोस है। उसे लगता है कि ऐसा करके उसने अखिल भारतीय अवसर खोया है। इसीलिए वह पीढ़ी अगर चाहती है कि उसका बच्चा अखिल भारतीय सेवा में जाए तो हिंदी सिखाना नहीं भूलती।
इसलिए उदयनिधि की द्रविड़ वैचारिकी को आज देखना होगा कि उसकी सोच कहां पहुंची? क्या उसे तमिलनाडु अब भी वैसे ही स्वीकार करेगा जैसे एक दौर में स्वीकार कर चुका है? द्रविड़ आंदोलन के समय में ही शुरु हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बरक्स उनकी सोच का विस्तार अगर नहीं हुआ तो क्यों नहीं हुआ?
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications