UP में इबोला वायरस की दस्तक? विदेश से लौटे 95 लोगों की लिस्ट तैयार, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
Ebola Alert In UP: ग्लोबल लेवल पर पैर पसार रहे जानलेवा इबोला वायरस को लेकर देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी हो चुका है। अफ्रीका के कुछ देशों में इबोला के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की गाइडलाइंस के तहत यूपी सरकार पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में विदेश से लौटे 95 यात्रियों की एक विशेष इबोला सर्विलांस लिस्ट तैयार की गई है, जिसमें बस्ती मंडल के दो प्रवासियों का नाम सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
इन दोनों यात्रियों को एहतियात के तौर पर तुरंत होम क्वारंटाइन कर दिया गया है ताकि संक्रमण के किसी भी संभावित खतरे को शुरुआत में ही रोका जा सके। आइए जानतें हैं स्वास्थ्य विभाग और एक्सपर्ट ने इस गंभीर स्थिति पर क्या कदम उठाए हैं...

बस्ती और संतकबीरनगर में कड़ी निगरानी, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
इबोला प्रभावित क्षेत्रों से लौटे यात्रियों की जो लाइन लिस्ट तैयार की गई है, उसमें बस्ती मंडल के दो यात्री शामिल हैं। इनमें से एक युवक बस्ती जिले के सल्टौआ ब्लॉक के एक गांव का रहने वाला 22 वर्षीय व्यापारी है, जो बांग्लादेश की राजधानी ढाका से हवाई यात्रा कर दिल्ली पहुंचा था। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई थी।
वहीं, दूसरा यात्री संतकबीरनगर जिले के बघौली ब्लॉक का निवासी है, जो पिछले एक दशक से युगांडा के इंटेबी शहर में मजदूरी कर रहा था और हाल ही में मुंबई के रास्ते स्वदेश लौटा है। सीएमओ बस्ती ने मुस्तैदी दिखाते हुए संतकबीरनगर के स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजकर इस यात्री की जानकारी साझा की है, जिसके बाद दोनों को सख्त निगरानी में होम क्वारंटाइन कर दिया गया है।
WHO ने जारी किया 518 मिलियन का मेगा प्लान
दुनिया भर में इबोला के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस ने अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (Africa CDC) के साथ मिलकर इस महामारी से निपटने के लिए जून से नवंबर तक का एक छह-महीने का विशेष प्लान जारी किया है, जिसका कुल बजट 518 मिलियन डॉलर (लगभग $51.8 करोड़) रखा गया है। WHO प्रमुख ने चेतावनी दी है कि यह वायरस बहुत तेजी से फैल रहा है और स्वास्थ्य संगठन फिलहाल इसके प्रसार को रोकने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं।
कांगो में फैला दुर्लभ 'बुंदीबुग्यो' स्ट्रेन, अब तक 62 मौतें
अफ्रीका के कांगो में इस समय इबोला का 17वां प्रकोप देखा जा रहा है, जिसे WHO ने 'अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल' घोषित कर दिया है। इस बार कांगो में इबोला का बेहद दुर्लभ और खतरनाक 'बुंदीबुग्यो' (Bundibugyo) स्ट्रेन फैला है, जिसकी सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसके लिए फिलहाल कोई स्वीकृत इलाज या टीका उपलब्ध नहीं है।
अफ्रीका CDC के महानिदेशक जीन कासेया के अनुसार, कांगो में अब तक इबोला के 381 पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 62 लोगों की मौत हो चुकी है। इतिहास में यह बुंदीबुग्यो स्ट्रेन का अब तक का सबसे गंभीर और घातक हमला माना जा रहा है।














Click it and Unblock the Notifications