Manav Suthar Debut: कौन हैं मानव सुथार, पिता ने कर्ज लेकर बनाया क्रिकेटर, गिल की कप्तानी में किया डेब्यू
Who is Manav Suthar: भारत और अफगानिस्तान के बीच आज से शुरू हुए एकमात्र टेस्ट मैच में राजस्थान के 23 वर्षीय स्पिन-ऑलराउंडर मानव सुथार ने भारतीय टीम के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टेस्ट डेब्यू किया है। कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और प्लेइंग-XI की घोषणा के साथ ही मानव सुथार के सुनहरे सफर की शुरुआत हो गई।
मानव सुथार ने किया डेब्यू (Who is Manav Suthar)
मानव सुथार को विदर्भ के हर्ष दुबे पर तरजीह देकर टीम में शामिल किया गया है। मैच की शुरुआत से पहले चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने मानव को उनकी पहली टेस्ट कैप सौंपी। मानव सुथार साल 2021 में अक्षर पटेल के डेब्यू के बाद से भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले पहले स्पेशलिस्ट स्पिनर बन गए हैं। मानव के पिता जगदीश सुथार श्रीगंगानगर के एक सरकारी स्कूल में पीटीआई टीचर थे। पैसे नहीं होने के बावजूद भी पिता ने कर्ज लेकर बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा किया।

श्रीलंका दौरे के लिए गौतम गंभीर का मास्टरस्ट्रोक
चयन समिति और हेड कोच गौतम गंभीर ने मानव सुथार को टीम में शामिल कर दूरगामी संकेत दिए हैं। दरअसल, इस साल के अंत में भारत को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज खेलनी है। मैच से पहले हेड कोच गौतम गंभीर ने रणनीति का खुलासा करते हुए कहा था कि यह संभवतः इकलौता टेस्ट मैच है जहां हम अपने चौथे स्पिनर के विकल्प को परख सकते हैं। इसके बाद हमें श्रीलंका जाना है, जहां हमें चार स्पिनरों को साथ ले जाना पड़ सकता है। ऐसे में किसी ऐसे खिलाड़ी को आजमाने का यह आदर्श मौका है जो लंबी अवधि का विकल्प साबित हो सके।"
अश्विन को मानते हैं रोल मॉडल, दिग्गज ने पहले ही की थी तारीफ
बाएं हाथ के इस ऑर्थोडॉक्स स्पिनर ने चेन्नई में टीएनसीए (TNCA) फर्स्ट-डिवीजन लीग खेलकर अपनी गेंदबाजी को धार दी है। मानव भारत के महान ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को अपना आदर्श मानते हैं। दिलचस्प बात यह है कि खुद अश्विन ने पहले ही मानव की प्रतिभा को पहचान लिया था। अश्विन ने उनकी तारीफ में कहा था कि मानव सुथार को इतनी ऊंची रेटिंग क्यों दी जाती है, यह पूरी तरह साफ है। यह सिर्फ गेंद के घूमने का कोण या ओवर-स्पिन नहीं है, बल्कि वह गति है जिस पर गेंद घूमती है। इस मामले में उन्हें और हर्ष दुबे को विशिष्ट बढ़त हासिल है।
कौन हैं मानव सुथार
साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप से पहले जब भारतीय टीम का बेंगलुरु में कैंप लगा था, तब मानव सुथार को नेट्स पर गेंदबाजी के लिए बुलाया गया था। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से विराट कोहली और रोहित शर्मा को भी परेशान किया था। मानव सुथार ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। वे अब तक 29 फर्स्ट-क्लास मैचों में 129 विकेट चटका चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस (GT) की ओर से 4 मैच भी खेले थे।
भारतीय प्लेइंग-XI: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।















Click it and Unblock the Notifications