IND vs AFG Test: 16 साल और 69 टेस्ट बाद भारतीय टीम में पहली बार हुआ ऐसा, बढ़ गई टीम की परेशानी?
IND vs AFG Test: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लनपुर (न्यू चंडीगढ़) में शुरू हुआ एकमात्र टेस्ट मैच भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक बड़े युग के बदलाव का गवाह बन रहा है। लगभग 16 साल और घरेलू मैदानों पर खेले गए लगातार 69 टेस्ट मैचों के बाद यह पहला मौका है, जब भारतीय टीम अपने दो महान स्पिनर्स रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के बिना किसी घरेलू टेस्ट में मैदान पर उतरी है। टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय से चले आ रहे सबसे स्थिर चयन समीकरणों में से एक का यह आधिकारिक अंत है।
अश्विन-जडेजा के बिना उतरी टीम इंडिया (IND vs AFG Test)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और टीम मैनेजमेंट अब इस स्टार जोड़ी से आगे बढ़कर भविष्य के लिए स्पिन गेंदबाजों की नई खेद तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है। गौरतलब है कि दिग्गज ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को कार्यभार प्रबंधन के तहत इस मुकाबले के लिए आराम दिया गया है।

आखिरी बार दोनों 16 साल पहले नहीं थे
आंकड़ों की बात करें तो भारत ने आखिरी बार अपनी धरती पर इन दोनों स्पिनरों के बिना नवंबर 2010 में टेस्ट मैच खेला था। नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए उस मुकाबले के समय भारतीय क्रिकेट की तस्वीर पूरी तरह अलग थी। उस समय सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ भारतीय बल्लेबाजी क्रम के मुख्य स्तंभ हुआ करते थे। मौजूदा दौर के महान बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने तब तक अपने टेस्ट करियर का आगाज भी नहीं किया था। उस मैच में हरभजन सिंह भारत के मुख्य स्पिनर थे, और उनका साथ बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा दे रहे थे।
घरेलू मैदानों पर 'अश्विन-जडेजा' की रही है बादशाहत
साल 2011 में अश्विन के डेब्यू और उसके तुरंत बाद जडेजा के टीम में स्थापित होने के बाद से यह जोड़ी भारतीय पिचों पर टीम इंडिया की जीत की गारंटी बन गई थी। इन दोनों ने न केवल स्पिन के अनुकूल पिचों पर विपक्षी बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर किया, बल्कि निचले क्रम में आकर कई उपयोगी पारियां भी खेलीं। घरेलू मैदानों पर खेले गए जिन 69 टेस्ट मैचों में अश्विन या जडेजा (या दोनों) टीम का हिस्सा रहे, उनमें से भारत ने रिकॉर्ड 49 मैचों में शानदार जीत दर्ज की, जबकि टीम को केवल 11 मैचों में हार का सामना करना पड़ा।















Click it and Unblock the Notifications