'अभिषेक बनर्जी और राहुल गांधी की तुलना गलत...', TMC में शामिल होने वाली सुष्मिता देव बोलीं
कोलकाता, 17 अगस्त। एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने वाली पूर्व कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव ने कहा है कि टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना करना गलत है। उन्होंने कहा कि आप देखेंगे कि अगर दोनों साथ आ जाएं तो क्या चमत्कार होता है।

कांग्रेस से अपने इस्तीफे के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा "कांग्रेस के साथ मेरा एक लंबा रिश्ता है और मैंने अपने त्याग पत्र में इसके बारे में सब कुछ लिखा है। मुझे कांग्रेस में कई अवसर मिले और मैंने सभी जिम्मेदारियों के साथ न्याय करने की कोशिश की। कई लोगों ने कोशिश की मुझे फोन करने के लिए, लेकिन मैं उपलब्ध नहीं थी। 15 अगस्त को मैंने कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा दे दिया।"
ममता बनर्जी को बताया आदर्श
टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बारे में बोलते हुए देव ने कहा "मैं पहली बार टीएमसी कार्यालय आ रही हूं। ममता दी मेरी आदर्श हैं। मुझे पार्टी में स्वीकार करने के लिए उनका धन्यवाद।"
उन्होंने आगे कहा "ममता बनर्जी के नेतृत्व में, मैं उनके विचार को और अधिक शक्तिशाली बनाऊंगी। बंगाल में ममता दी का काम प्रेरणादायक है। बंगाल सरकार की कई योजनाएं प्रशंसनीय हैं और ममता बनर्जी की लड़ाई की भावना सभी को पता है। ममता बनर्जी के साथ मेरा रिश्ता सिर्फ इतना ही नहीं है राजनीतिक, हमारे पारिवारिक संबंध हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस में बिना किसी शर्त के शामिल हुई हैं।
एक दिन पहले ही हुई टीएमसी में शामिल
एक दिन पहले ही कांग्रेस की पूर्व सांसद ने पार्टी से नाता तोड़कर तृणमूल का दामन थाम लिया था। सुष्मिता देव ने सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस पाकी सदस्यता ली थी। पार्टी में शामिल होने पर सुष्मिता देव ने कहा था कि वह पार्टी को अपना सर्वोत्तम देंगी।
पार्टी में शामिल होने पर टीएमसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि हम आल इंडिया महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुष्मिता देव का तृणमूल परिवार में स्वागत करते हैं। ममता बनर्जी से प्रभावित होकर उन्होंने आज हमारे राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी के राज्यसभा में नेता डेरेक ओ ब्रॉयन की मौजूदगी में हमें ज्वाइन किया है।
कांग्रेस से रहीं सांसद
कांग्रेस से इस्तीफा देने से पहले सुष्मिता देव आल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष थीं। सुष्मिता देव के पिता संतोष मोहन देव असम में कांग्रेस के बड़े नेता थे और कांग्रेस की राजीव गांधी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे थे। संतोष मोहन असम की सिल्चर सीट से सांसद रहे थे। बाद सुष्मिता देव भी संतोष मोहन के बाद सिल्चर से सांसद बनी थीं।












Click it and Unblock the Notifications