तूफान 'यास' से पहले एक्शन में ममता सरकार, 10 लाख लोगों को शिफ्ट करने का प्लान
कोलाकाता, मई 25: देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच हाल ही में चक्रवाती तूफान 'तौकते' ने भयानक तबाही मचाई थी। अब तूफान 'यास' को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटीय इलाकों पर 24 घंटों के अंदर तेज तूफान में बदलने की आशंका जताई है। आईएमडी के अलर्ट के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तैयारिया शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बुधवार की दोपहर बहुत भीषण चक्रवात यास आने से पहले लगभग दस लाख लोगों को निकाला जा सकता है और आश्रयों में लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि इस तूफान से उत्तर बंगाल सहित लगभग 20 जिले प्रभावित होंगे। पूर्वी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना के तटीय जिले सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे, जिसके मद्देनजर कल से 48 घंटे तक तूफान यास की मॉनिटरिंग चलेगी। इसके साथ ही 51 डिजास्टर मैनेजमेंट टीम का भी गठन किया गया है।
दस लाख लोगों को निकालने की योजना
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक लोगों के निकासी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और हमारी योजना बुधवार दोपहर को चक्रवात आने से पहले लगभग दस लाख लोगों को निकालने की है। सोमवार को प्रशासन ने सुंदरबन डेल्टा में कुछ दूरदराज के द्वीपों और गंगा नदी और बंगाल की खाड़ी के संगम के करीब स्थित घोरमारा जैसे द्वीपों पर रहने वाले लोगों को वहां से भेजना शुरू कर दिया है।

कोलकाता में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह एक बहुत ही गंभीर चक्रवात में और तेज होने की संभावना है। बुधवार दोपहर ओडिशा में बालासोर के आसपास कहीं जमीन से टकराने की आशंका है। बुधवार को कोलकाता में 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार और 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं और समुद्र उबड़-खाबड़ हो गया है।
185 किमी प्रति घंटे हो सकती है रफ्तार
पूर्वी मिदनापुर में जो बालासोर के सबसे नजदीक स्थित है वहां हवा की गति 155-165 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 185 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इधर, सुंदरबन डेल्टा के गोसाबा द्वीप जैसे कुछ इलाकों में प्रखंड प्रशासन ने सोमवार को गर्भवती महिलाओं को निकाल कर 'मदर हब्स' में शिफ्ट कर दिया है।
इधर IMD भुवनेश्वर के वरिष्ठ वैज्ञानिक उमाशंकर दास के मुताबिक तीव्र चक्रवाती तूफान यास की वर्तमान स्थिति पूर्व मध्य और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में है। पिछले 6 घंटो के दौरान यह उत्तर पश्चिम दिशा की तरफ 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications