Wrestlers Protest: पहलवानों से करेगी बंगाल CM की टीम मुलाकात, ममता बोलीं- हम आपके साथ हैं
Wrestlers Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार पहलवानों का प्रदर्शन जारी है। किसान नेता नरेश टिकैत ने उनसे 5 दिन का वक्त लिया है।

कुश्ती संघ के अध्यक्ष (WFI) और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का समर्थन मिला। कोलकाता में हाजरा से रवींद्र सदन तक ममता बनर्जी ने एक रैली का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें अपने पहलवानों पर गर्व है। हमारी एक टीम पहलवानों से मुलाकात करने जाएगी। हम आपके साथ हैं, इसलिए आज हमने यह रैली निकाली है। कल भी इसे जारी रखा जाएगा।
आपको बता दें कि पहलवान लंबे वक्त से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि बृजभूषण शरण सिंह पर उचित कार्रवाई हो। बीजेपी सांसद बृजभूषण की पहलवान लगातार गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसी के चलते मंगलवार यानी बीते दिन हरिद्वार की गंगा में पहलवान अपने मेडल विसर्जित करने पहुंचे। लेकिन, मौके पर किसान नेता नरेश टिकैत पहुंच गए। उन्होंने पहलवानों को डल विसर्जित करने से रोका और 5 दिन का वक्त मांगा।
प्रियंका, राहुल, दिल्ली सीएम केजरीवाल कर चुके हैं निंदा
बीती 28 मई को एक तरफ पीएम मोदी ने देश को नई संसद की सौगात दी। दूसरी तरफ, पहलवानों से दिल्ली पुलिस भिड गई। पुलिस की सख्त कार्रवाई पर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कड़ी निंदा की। राहुल गांधी ने इस कार्रवाई को अहंकारी राजा का कहर बताया था। कहा था कि अहंकारी राजा जनता की आवाज कुचल रहा है। उधर, प्रियंका गांधी ने कहा था कि खिलाड़ियों की छाती पर लगे मेडल हमारे देश की शान होते हैं। बीजेपी सरकार का अहंकार इतना बढ़ गया है कि बूटों तले रौंद रही है।












Click it and Unblock the Notifications