राज्यपाल को पद से हटाने की मांग को लेकर बंगाल विधानसभा में आ सकता है प्रस्ताव, सीएम ने स्पीकर साथ की चर्चा
कोलकाता, 25 जून: चुनावी मैदान में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी को शिकस्त दे दी और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। इसके बाद अब उसकी नजर राज्यपाल जगदीप धनखड़ पर है, जिनके साथ सालभर से सीएम ममता का विवाद जारी है। सूत्रों के मुताबिक टीएमसी जगदीप धनखड़ के खिलाफ राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित करने की योजना बना रही है, जिसका आगामी सत्र 2 जुलाई से शुरू होगा। इस प्रस्ताव का मकसद उन्हें राज्यपाल की कुर्सी से हटाना है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी से चर्चा की है।

वहीं दूसरी ओर विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से संसदीय मामलों और विधानसभा के कामकाज में राज्यपाल धनखड़ के 'अत्यधिक हस्तक्षेप' की शिकायत की थी। बनर्जी के मुताबिक कई अहम बिल विधानसभा में पारित कराकर राज्यपाल के पास भेजे गए लेकिन वो उन पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं। ये संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में चिंता का विषय है, क्योंकि पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ है। इसके बाद टीएमसी नेताओं ने फिर से राज्यपाल के खिलाफ जुबानी मोर्चा खोल दिया।
टीएमसी नेता प्रसून बनर्जी ने बुधवार को कहा था कि राज्यपाल जिस तरह से काम कर रहे हैं, उसे देखकर यही लगता है कि उनको पद से हटा देना चाहिए। साथ ही सभी को ये बात पता है कि वो एक खास राजनीतिक दल के मुखपत्र हैं। यहां उनका इशारा बीजेपी की ओर था। हालांकि इस पूरे में मामले में बीजेपी राज्यपाल का बचाव कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के मुताबिक टीएमसी धनखड़ से नाराज है, क्योंकि उन्होंने राज्य में अराजकता की स्थिति को उजागर कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications