फिरहाद हाकिम होंगे कोलकाता नगर निगम के अगले मेयर, पार्षदों की बैठक में सीएम ममता ने किया ऐलान
नई दिल्ली, 23 दिसंबर: कोलकाता नगर निगम को नया मेयर मिलने जा रहा है, जहां तृणमूल कांग्रेस ने चर्चा के बाद गुरुवार को फिरहाद हाकिम के नाम का ऐलान किया। हाकिम ने वार्ड संख्या 82 से जीत हासिल की थी। इसके लिए पार्टी ने गुरुवार को एक अहम बैठक बुलाई थी, जिसमें खुद मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी शामिल हुईं। इसी बैठक में सभी पार्षदों ने फिरहाद के नाम पर सहमति जताई। बैठक में टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी समेत अन्य कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

बैठक में पार्षदों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने उन्हें बधाई दी। साथ ही कहा कि राज्य चुनाव आयोग और पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से नगर निगम का चुनाव करवाया। उनकी सरकार चाहती है कि जनता के लिए ज्यादा से ज्यादा विकास कार्य हों, ऐसे में हर 6 महीने पर कोलकाता नगर निगम के रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा की जाएगी। अगर कोई काम नहीं कर रहा, तो सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
टीएमसी का जलवा रहा कायम
इस साल अप्रैल-मई में हुए विधानसभा चुनावों में टीएमसी ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। अभी भी उसका शानदार प्रदर्शन जारी है। हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में टीएमसी ने 144 सीटों में से 134 पर कब्जा जमाया। वहीं बीजेपी का प्रदर्शन काफी खराब रहा, जहां उसे सिर्फ 3 सीटें ही मिलीं। इसके अलावा कांग्रेस और सीपीएम के खाते में दो-दो सीटें आईं।
सरकार में थे कैबिनेट मंत्री
आपको बता दें कि शुवेंदु अधिकारी के पास पहले परिवहन विभाग था, लेकिन वो टीएमसी से इस्तीफा देकर बीजेपी में चले गए। उनकी जगह पर ममता बनर्जी ने फिरहाद हाकिम को परिवहन मंत्रालय दिया था। अभी तक वो बतौर कैबिनेट मंत्री काम कर रहे थे, लेकिन अब नगर निगम का मेयर बनने के बाद उन्हें इस पद से इस्तीफा देना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications