'केवल उन बांग्लादेशियों का नाम वोटर लिस्ट में डालें, जो हमारा समर्थन करें', सभा में बोले TMC विधायक
पश्चिम बंगाल में टीएमसी के विधायक खोकन दास अपने एक बयान को लेकर घिर गए हैं। जिसमें उन्होंने सिर्फ ऐसे बांग्लादेशी अप्रवासियों का नाम मतदाता सूची में डालने की बात कही, जो सिर्फ उनकी पार्टी टीएमसी का समर्थन करते हैं। बीजेपी ने उनके इस बयान को मुद्दा बना लिया है। साथ ही चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की, ताकि उनके ऊपर कार्रवाई हो सके।

दरअसल टीएमसी विधायक ने मंगलवार शाम बर्धमान कस्बे में एक जनसभा की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वहां पर उन्होंने कहा कि कई नए लोग आ रहे हैं, वे बांग्लादेश से हैं। इनमें से कई लोग हिंदू भावनाओं के आधार पर बीजेपी को वोट देते हैं। कृपया सुनिश्चित करें कि हमारी पार्टी का समर्थन करने वालों को ही वोटर लिस्ट में जगह मिले।
सूत्रों के मुताबिक 2021 में जब दास बर्धमान शहर से खड़े हुए थे, तो उनको उन इलाकों में कम वोट मिले, जहां पर बांग्लादेश से आकर लोग बसे थे। इसमें उनका अपना क्षेत्र कंचननगर-रथतला भी शामिल था। हालांकि विवाद बढ़ता देख विधायक ने इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अवैध बांग्लादेशी अप्रवासी हर दिन हमारे क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे हैं। मैंने टीएमसी कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि उनके नाम मतदाता सूची में जगह नहीं मिलनी चाहिए।
बीजेपी ने साधा निशाना
वहीं इस बयान पर बीजेपी के जिला प्रवक्ता सौम्यराज मुखोपाध्याय ने कहा कि इस मुद्दे पर दलगत राजनीति करने के बजाय विधायक को अवैध अप्रवासियों के बारे में केंद्र और राज्य सरकार को सूचित करना चाहिए। यही कारण है कि हम सीएए-एनआरसी ला रहे हैं। बीजेपी नेता शिशिर बाजोरिया ने कहा कि हमने टीएमसी विधायक के खिलाफ मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज करवाई है। हम उनके खिलाफ एफआईआर की मांग करते हैं। वहीं टीएमसी ने अपने नेता का बचाव किया है। उनके प्रवक्ता ने कहा कि विधायक की टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला गया और सीएए को लागू करने के पीछे बीजेपी की राजनीतिक मंशा है।












Click it and Unblock the Notifications