दिलीप घोष का ममता बनर्जी पर निशाना, कहा- वो नंदीग्राम से भी यही सोचकर लड़ी थीं कि जीतेंगी, लेकिन...
कोलकाता, सितंबर 12। पश्चिम बंगाल की तीन विधानसभा सीटों पर 30 सितंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी और टीएमसी का प्रचार जोरों से चल रहा है। इस उपचुनाव में सभी की नजरें भवानीपुर सीट पर रहेंगी, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं। भवानीपुर में टीएमसी और बीजेपी के कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस बीच रविवार को पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष प्रचार के लिए भवानीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका टिबरेवाल के समर्थन में प्रचार किया।
Recommended Video

राजनीति में कब क्या हो जाए, कुछ नहीं पता- दिलीप घोष
इस दौरान दिलीप घोष ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता दीदी नंदीग्राम से भी यही सोचकर चुनाव लड़ी थीं कि वो जीत जाएंगी, लेकिन वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा, इसलिए राजनीति में कब क्या हो जाए, ये कोई नहीं जानता। दिलीप घोष ने आगे कहा कि बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका टिबरेवाल ने बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के खिलाफ न्याय की लड़ाई का नेतृत्व किया है। इस दौरान दिलीप घोष ने पार्टी कार्यकर्ताओं संग दिवारों पर पार्टी के चुनाव चिन्ह का पेंट किया।

सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी प्रियंका
आपको बता दें कि भवानीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने प्रियंका टिबरेवाल को प्रत्याशी बनाया है। पहले माना जा रहा था कि ममता के सामने किसी बड़े चेहरे को उम्मीदवार बनाया जा सकता है, लेकिन खबरें ये आईं कि सभी बड़े चेहरों ने ममता के खिलाफ चुनाव लड़ने से मना कर दिया था, क्योंकि सभी को हार के बाद अपनी छवि के नुकसान की चिंता थी। ऐसे में बीजेपी ने प्रियंका को टिकट देकर बड़ा दांव खेला है। प्रियंका टिबरेवाल सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी, जबकि ममता बनर्जी दो दिन पहले ही नामांकन दाखिल कर दिया है। प्रियंका टिबरेवाल ने शनिवार से ही ममता के खिलाफ चुनाव प्रचार शुरू कर दिया।

बंगाल में इन तीन सीटों पर होंगे उपचुनाव
बता दें कि चुनाव आयोग ने पिछले हफ्ते बंगाल की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी। भवानीपुर के अलावा मुर्शिदाबाद की जंगीपुर और समसेरगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। हालांकि बंगाल की सात सीटों पर उपचुनाव होने थे, लेकिन चुनाव आयोग ने कोविड प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए बाकी सीटों पर चुनाव की अभी घोषणा नहीं की है। बंगाल में जिन 5 अन्य सीटों पर चुनाव होने हैं उनमें दक्षिण 24 परगना में गोसाबा, दक्षिण मेदनीपुर में खरगपुर, नादिया में शांतिपुर, कूचबिहार में दिनहाटा सीट शामिल है।
Mamata Banerjee fought from Nandigram thinking that she would win, but she lost. No one can predict what may happen in politics. Priyanka Tibrewal has lead the fight for justice against post-poll violence here: West Bengal BJP President Dilip Ghosh in Bhabanipur pic.twitter.com/JlqNVTKWkt
— ANI (@ANI) September 12, 2021












Click it and Unblock the Notifications