कोलकाता पुलिस फिर करेगी मिथुन चक्रवर्ती से पूछताछ, चुनावी सभा में दिया था भड़काऊ बयान
कोलकाता, जून 28: दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता और बंगाल बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती से सोमवार (28 जून) को कोलकाता पुलिस की तरफ से हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के प्रचार के दौरान उनके द्वारा दिए गए एक विवादास्पद भाषण के संबंध में पूछताछ की जाएगी। अभिनेता ने कथित तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 7 मार्च को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक चुनावी रैली के दौरान एक विवादास्पद बयान दिया था।

जानकारी के मुताबिक कोलकाता पुलिस ने मिथुन चक्रवर्ती को सोमवार (28 जून) को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए से पेश होने के लिए कहा है। दरअसल, उनके भाषण के लिए मानिकतला में अभिनेता के खिलाफ एक एफआईआर भी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने अपनी एफआईआर में दावा किया कि अभिनेता ने "मारबो खाने लश पोर्बे शोशने (मैं तुम्हें यहां मारूंगा और शव श्मशान में गिर जाएगा)" और "एक छोबोले छबी (सिर्फ एक सर्पदंश और तुम एक तस्वीर बन जाओगे) जैसे संवादों का इस्तेमाल किया था।
इसके साथ ही मिथुन पर यह भी आरोप लगाया गया था कि अभिनेता के बयान राज्य में चुनाव के बाद की हिंसा का कारण थे। अप्रैल-मई चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल 71 वर्षीय अभिनेता से उनके खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में वर्चुअली पूछताछ की जा रही है। इससे पहले जून महीने की शुरुआत में उनसे पुलिस ने करीब 45 मिनट तक पूछताछ की थी।












Click it and Unblock the Notifications