कोलकाता पहुंची जया बच्चन, बाबुल सुप्रियो को टक्कर दे रहे TMC कैंडीडेट के लिए मांगेंगी वोट
कोलकाता। विधानसभा चुनाव के लिए पूरा दम-खम झोंक रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रचार में दम भरने अभिनेत्री और समाजवादी पार्टी सांसद जया बच्चन बंगाल चुकी हैं। टीएमसी के स्टार प्रचारकों में शामिल जया बच्चन बंगाली मूल के जरिए वोटरों को लुभाएंगी।

जया बच्चन रविवार को देर शाम कोलकाता पहुंची। सोमवार को वह हाईप्रोफाइल टॉलीगंज से तीन बार के एमएलए अनूब बिश्वास के लिए प्रचार करेंगी। टॉलीगंज सीट इस बार बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो के मैदान में उतरने से चर्चा में है।
टॉलीवुड में जया बच्चन
बंगाली सिनेमा के गढ़ टॉलीवुड के रूप में अपनी पहचान रखने वाले इस क्षेत्र से बीजेपी ने बाबुल सुप्रियो को उतारकर दांव चला है। यही वजह है कि टीएमसी ने प्रचार के लिए यहां से फिल्मी हस्ती जया बच्चन को प्रचार के लिए उतारा है। इसके साथ ही जया के बंगाली मूल का भी टीएमसी फायदा उठाना चाहती है।
जया बच्चन का टीएमसी नेता के उस प्लान का भी हिस्सा है जिसमें उन्होंने सभी विरोधी दलों का एक संयुक्त मोर्चा बनाकर बीजेपी से लड़ने की अपील की थी। हाल ही में ममता बनर्जी ने प्रमुख विपक्षी पार्टियों को इसके लिए पत्र भी लिखा था।
अखिलेश ने किया था समर्थन का ऐलान
जया बच्चन के कोलकाता पहुंचने के पीछे सपा मुखिया अखिलेश यादव के पिछले महीने दिए बयान से भी जोड़कर देखा जा रहा है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी टीएमसी के लिए चुनाव प्रचार करेगी। सपा मुखिया ने कहा था कि बीजेपी बंगाल में नफरत की राजनीति कर रही है और उनकी पार्टी इसे नहीं होने देगी।
बंगाल में इस बार आठ चरणों में चुनाव हो रहा है। इसमें दो चरण के लिए वोट डाले जा चुके हैं जबकि तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को होना है। इसके बाद 10, 17, 22, 26 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। 2 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications