ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ीं, चुनाव आयोग ने भेजा एक और नोटिस
सुरक्षा बलों पर बयानबाजी को लेकर चुनाव आयोग ने भेजा ममता बनर्जी को नोटिस
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटों के लिए तीन चरण के चुनाव हो चुके हैं और चौथे चरण के तहत शनिवार को वोट डाले जाएंगे। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी मुश्किलों में घिरती हुई नजर आ रही हैं। चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी को दूसरी बार नोटिस जारी कर उनसे 10 अप्रैल तक जवाब मांगा है। चुनाव आयोग ने यह नोटिस ममता बनर्जी के 28 मार्च और 7 अप्रैल को केंद्रीय सुरक्षा बलों के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर जारी किया है। ममता बनर्जी से 10 अप्रैल की सुबह 11 बजे तक जवाब देने के लिए कहा गया है।

Recommended Video
आपको बता दें कि हाल ही में ममता बनर्जी ने केंद्रीय सुरक्षा बलों पर वोटरों को धमकाने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने महिलाओं से सुरक्षा बलों का घेराव करने की भी अपील की। 28 मार्च को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में ममता बनर्जी ने कहा, 'केंद्रीय सुरक्षा बलों को किसने इतनी पावर दी कि वो महिलाओं को वोट नहीं डालने दे रहे और उन्हें धमका रहे हैं? 2016 के चुनाव में भी मैंने यही देखा और 2019 के चुनाव में भी यही।'
7 अप्रैल की रैली में ममता ने क्या कहा था
इसके बाद 7 अप्रैल को कूच बिहार की एक रैली में ममता बनर्जी ने कहा, 'मैं जानती हूं कि किसके निर्देश पर केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मारपीट की और किस तरह लोगों को पीटा। आपकी ड्यूटी लोगों के परिवार को बचाने की है। अगर हमारी किसी भी मां और बहन को लाठी से कोई चोट लगती है, तो पलटकर उनका घेराव करो। मैं आप लोगों को बता रही हूं, ये एक महिला का अधिकार है। और, अगर हमारी किसी मां या बहन को वोट डालने से रोका जाता है तो बाहर निकलकर आप लोग विरोध करो।'
इससे पहले ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव आयोग ने बुधवार को भी एक नोटिस जारी किया था। इस नोटिस में उनके सांप्रदायिक आधार पर मतदाताओं से वोट मांगने के बयान पर जवाब मांगा गया है।












Click it and Unblock the Notifications