बंगाल: कोर्ट से अर्पिता मुखर्जी को लेकर जा रही ईडी की कार हादसे का शिकार
नई दिल्ली, 25 जुलाई: बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी ने मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोर्ट ने अर्पिता को एक दिन की कस्टडी में भेजा। रविवार को जब ईडी की टीम अर्पिता को कोर्ट से सीजीओ कॉम्प्लेक्स ले जा रही थी, तो उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हालांकि हादसा ज्यादा गंभीर नहीं था, इस वजह से किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। वहीं दूसरी ओर पार्थ को कलकत्ता हाईकोर्ट ने बड़ा झटका दिया है।

जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम कोर्ट से अर्पिता को इनोवा कार में लेकर निकली थी। कोलकाता में बारिश भी हो रही है, ऐसे में सड़कों पर पानी भर रहता है। इस बीच सॉल्ट लेक इलाके में कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में अर्पिता और ईडी के अधिकारी सुरक्षित रहे, हालांकि कार को हल्का नुकसान जरूर पहुंचा है। इसके बाद उनको सुरक्षित सीजीओ कॉम्प्लेक्स पहुंचाया गया।
चटर्जी को भुवनेश्वर भेजने के निर्देश
वहीं दूसरी ओर ईडी की याचिका पर रविवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने बंगाल के गिरफ्तार मंत्री पार्थ चटर्जी को भुवनेश्वर एम्स भेजने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक सोमवार सुबह विमान से मंत्री भुवनेश्वर जाएंगे। वहां पर एक्सपर्ट डॉक्टर उनकी जांच करेंगे। इसके बाद सोमवार 3 बजे तक रिपोर्ट की कॉपी जांच अधिकारी, आरोपी के वकील और विशेष न्यायाधीश को दी जाएगी। फिर वर्चुअल माध्यम से शाम चार बजे सुनवाई होगी।
क्या है मामला?
आपको बता दें कि बंगाल में शिक्षा विभाग की भर्ती में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ था। जिसके बाद कलकत्ता हाईकोर्ट में कई याचिकाएं पड़ीं। जिस पर कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए। जब सीबीआई ने जांच शुरू की तो इसमें धन-शोधन निवारण अधिनियम का भी मामला आ गया। ऐसे में जांच में शामिल होते हुए ईडी ने कई जगहों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में अर्पिता के घर से 21 करोड़ बरामद हुआ। ईडी को आशंका है कि ये पैसा भर्ती घोटाले से इकट्ठा किया गया है। जिस वजह से दोनों को कस्टडी में लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications