कूचबिहार मामला: CRPF ने किया साफ, बूथ संख्या-126 पर नहीं थी केंद्रीय बलों की तैनाती
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आज (शनिवार) विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के बीच प्रदेश में कई जगहों से हिंसक झड़प की घटनाएं सामने आईं। इस बीच दावा किया जा रहा है कि कूचबिहार में केंद्रीय बलों की फायरिंग में चार लोगों की मौत हो गई। कई मीडिया रिपोर्ट में आई खबरों के बाद अब सीआरपीएफ ने कूचबिहार में हुई घटना को लेकर साफ किया है कि कूचबिहार के सीतलकुची में बूथ संख्या-126 के बाहर ना तो सीआरपीएफ की तैनाती थी और ना ही वो इस घटना में किसी तरह से शामिल है। बता दें कि मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी आरोप लगाया था कि गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर सीआरपीएफ ने लोगों पर फायरिंग की।

Recommended Video
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे सीतलकुची में यह घटना हुई। मतदान केंद्र का चक्कर लगाते हुए कुछ उपद्रवियों ने क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) पर कथित रूप से हमला कर दिया। बताया गया कि उपद्रवियों ने क्यूआरटी के वाहन को भी नुकसान पहुंचाया जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। सुरक्षाबलों ने कई राउंड फायर किए जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। टीएमसी ने दावा किया है कि बूथ नंबर 5/126 पर हुई इस घटना में हमीदुल हक, मनीरूल हकम समीयुल हक और अजमद हुसैन की मौत हुई है।
घटना पर कूचबिहार के एसपी देबाशीष धर ने बताया कि एक आदमी की तबियत खराब हुई और वो बेहोश हो गया, बूथ के सामने उसका इलाज चल रहा था। उस समय अफवाह फैल गई कि सीआईएसफ ने उसे मारापीटा है। गांव के 300-350 लोगों ने सीआईएसफ कर्मी पर हमला किया, राइफल छीनने और बूथ में घुसने की कोशिश के दौरान सीआईएसफ ने फायरिंग की। इस घटना में 4 स्थानीय ग्रामीणों की मौत हुई है। इनकी उम्र 22-25 साल है। चुनाव आयोग के मुताबिक विशेष पर्यवेक्षकों की एक अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर कूच बिहार के सीतलकुची विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 126 में मतदान स्थगित करने के आदेश दिए गए हैं। आज शाम 5 बजे तक उनसे और मुख्य निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
यह भी पढ़ें: कूचबिहार की घटना के लिए ममता ने CRPF को ठहराया जिम्मेदार, कहा- गृहमंत्री के निर्देश पर हुई फायरिंग












Click it and Unblock the Notifications