'हमें दिल्ली के पैसों की जरूरत नहीं, हमारा स्वाभिमान महत्वपूर्ण', केंद्र पर फिर बरसीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हैं जो बंगाल में रहते हैं और यहां का खाते हैं, वो राज्य के खिलाफ ही साजिश कर रहे हैं। वे दिल्ली (केंद्र सरकार) से कह रहे हैं कि बंगाल को पैसा मत दो। ममता बनर्जी ने केंद्र को दो टूक कह दिया कि उन्हें पैसा नहीं चाहिए, उनका राज्य अपने पैरों पर खड़ा होने में सक्षम है। हमारा स्वाभिमान हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है, हम दिल्ली को इसे नहीं छीनने देंगे।

ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल के खिलाफ साजिश रची जा रही और इस योजना के तहत सत्तारूढ़ टीएमसी को बदनाम किया जा रहा है। वहीं पिछले कुछ महीनों में कई टीएमसी नेताओं की गिरफ्तारी केंद्रीय एजेंसियों ने की है, जिस पर सीएम ने कहा कि जिन्होंने गलतियां की हैं, उन्हें सुधरने का मौका दिया जाना चाहिए। अगर कोई गलत काम कर रहा, तो कानून उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा, लेकिन यहां एक मीडिया ट्रायल चल रहा है।
कुणाल घोष ने शुभेंदु पर किया पलटवार
वहीं दूसरी ओर टीएमसी सांसद कुणाल घोष ने नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी 'अभिषेक बनर्जी फोबिया' से पीड़ित थे। वहीं अधिकारी ने आरोप लगाया था कि अभिषेक बनर्जी ने अपने बेटे का जन्मदिन फाइव स्टार होटल में मनाया, जिस पर सांसद ने कहा कि ये दावा झूठा है। आयोजन स्थल पर कोई जन्मदिन की पार्टी नहीं थी, लेकिन डायमंड हार्बर फुटबॉल क्लब के मुख्य संरक्षक होने के नाते बनर्जी ने ताज होटल में डीएचएफसी फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की थी।
अखिल गिरि को हटाने की मांग
वहीं बंगाल के मंत्री अखिल गिरि ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। जिसके खिलाफ बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी बीजेपी विधायकों के साथ राजभवन पहुंचे और मंत्री को हटाने की मांग की। हालांकि राज्यपाल ने उन्हें मिलने का समय नहीं दिया, जिस वजह से अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की है।












Click it and Unblock the Notifications