West Bengal News: 'चाहे तो मेरा सिर कलम कर दो लेकिन...', DA बढ़ाने की मांग पर बोलीं ममता बनर्जी
West Bengal CM Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को विधानसभा में उस वक्त भड़क गईं, जब विपक्ष ने राज्य के कर्मचारियों के लिए केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर महंगाई भत्ते की मांग उठाई।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को विधानसभा में विपक्ष पर जमकर बरसीं। ममता बनर्जी ने कहा कि महंगाई भत्ते की मांग को लेकर हो रहा राज्य के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन विपक्ष द्वारा प्रायोजित है। ममता बनर्जी ने कहा, 'अगर आप मुझे पसंद नहीं करते, तो मेरा सिर काट दीजिए। लेकिन, इसके आगे मैं कुछ नहीं कर सकती। राज्य सरकार के पास कर्मचारियों को और सैलरी देने के लिए फंड नहीं हैं।' आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी दल- भाजपा, कांग्रेस और लेफ्ट राज्य के कर्मचारियों के लिए केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर महंगाई भत्ता देने की मांग कर रहे हैं।
ममता बनर्जी ने विधानसभा में विपक्ष की मांग पर कहा, 'वे लगातार और पैसे की मांग कर रहे हैं। मैं उन्हें और कितने पैसे दूंगी? इससे और ज्यादा महंगाई भत्ता देना हमारी सरकार के लिए बिल्कुल संभव नहीं है। हमारे पास इसके लिए फंड ही नहीं है। पहले ही हमने 3 फीसदी अतिरिक्त महंगाई भत्ता दिया है। अगर आप इससे खुश नहीं हैं, तो मेरा सिर काट सकते हैं। आखिर आपको और कितना पैसा चाहिए?'
बजट में ममता सरकार ने किया 3 फीसदी अतिरिक्त डीए का ऐलान
गौरतलब है कि बीते 15 फरवरी को पश्चिम बंगाल सरकार का बजट पेश किया गया था और राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने ऐलान किया था कि सरकार मार्च से शिक्षकों और पेंशनरों सहित अपने सभी कर्मचारियों को 3 फीसदी अतिरिक्त महंगाई भत्ता देगी। अभी तक राज्य के कर्मचारियों को उनकी बेसिक सैलरी का 3 फीसदी महंगाई भत्ते के तौर पर मिल रहा था। वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में हुए ऐलान के बाद कर्मचारियों को मार्च से और तीन फीसदी अतिरिक्त महंगाई भत्ता मिलेगा।
1.79 लाख करोड़ रुपए डीए के तौर पर दिए
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में डीए बढ़ाने की मांग पर लेफ्ट पार्टियों और भाजपा ने राज्य के कर्मचारियों का समर्थन किया है। ममता बनर्जी ने कहा, 'विपक्ष को इस बात को समझना चाहिए कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के पे-स्केल अलग-अलग हैं। लेकिन, बजाय इसके आज भाजपा, कांग्रेस और सीपीएम एक साथ आ गए हैं। देश में ऐसी कौन सी सरकार है, जो इतनी सारी सवेतन छुट्टियां दे रही है? सरकारी कर्मचारियों को हमारी सरकार ने 1.79 लाख करोड़ रुपए महंगाई भत्ते के तौर पर दिए हैं। हम कर्मचारियों को 40 सवेतन छुट्टियां दे रहे हैं। फिर आप लोग हमारी तुलना केंद्र सरकार से क्यों कर रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications