'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद ममता सरकार की कैबिनेट बैठक, सोशल मीडिया और राज्य की सुरक्षा रणनीति पर मंथन की उम्मीद
Mamata Banerjee Cabinet Meeting: भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव है और भारतीय सशस्त्र सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकवादी ठिकानों कड़ा प्रहार किया है। सीमा पर टेंशन की स्थिति के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर रुख अपनाया है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने 14 मई को एक आपात राज्य कैबिनेट बैठक बुलाई है। यह बैठक बुधवार को शाम 4 बजे राज्य सचिवालय 'नवान्न' में आयोजित की जाएगी।

राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत ने गुरुवार को इस बैठक के आयोजन को लेकर गुरुवार को ही आधिकारिक नोटिस जारी किया था। इस बैठक में सीमा से सटे जिलों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के साथ-साथ सोशल मीडिया पर अफवाहों और भड़काऊ सामग्री पर नियंत्रण के उपायों पर भी चर्चा की जा सकती है।
Mamata Banerjee Cabinet Meeting: कानून-व्यवस्था, सोशल मीडिया पर चर्चा संभव
राज्य सरकार की प्रस्तावित बैठक में राज्य की आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों की निगरानी, खुफिया तंत्र की मजबूती और सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही अफवाहों पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यक होने पर नियामक कदम उठाने की दिशा में रणनीति तय की जा सकती है। राज्य प्रशासन फर्जी खबरों और भड़काऊ पोस्टों के जरिए कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार,12 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्मों और सोशल मीडिया पर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री को लेकर दायर एक जनहित याचिका पर केंद्र सरकार और संबंधित डिजिटल कंपनियों को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह इन माध्यमों पर नियंत्रण और दिशा-निर्देशों के निर्धारण को लेकर केंद्र के रुख को गंभीरता से देखेगा। इस घटनाक्रम के बाद केंद्र और राज्य सरकारों पर यह दबाव बढ़ गया है कि वे सोशल मीडिया की भूमिका और उसकी निगरानी पर संयुक्त रूप से स्पष्ट नीति तैयार करें।
Mamata Banerjee समेत इन मुख्यमंत्रियों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री की हुई बैठक
इससे पहले, बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक में ममता बनर्जी के अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और सिक्किम के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे।
हालांकि, बैठक के बाद ममता बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में यह बताने से इनकार कर दिया कि गृह मंत्री के साथ क्या विशेष चर्चा हुई। उनका यह रुख राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है।
Mamata Banerjee Cabinet Meeting राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही बैठक
पश्चिम बंगाल की इस आपात बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ममता बनर्जी राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी ढिलाई से बचना चाहती हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी कैबिनेट बैठक में राज्य में सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दे सकती हैं। राज्य कैबिनेट की पिछली बैठक 23 अप्रैल को हुई थी, इसलिए इस बार की बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। अब देखना यह होगा कि इस बैठक के बाद राज्य सरकार क्या ठोस कदम उठाती है और सोशल मीडिया की निगरानी तथा सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा को लेकर क्या नए निर्देश जारी किए जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications