बीजेपी का आरोप- TMC कार्यकर्ताओं की हिंसा में 9 की मौत, राज्यपाल से मांगी मदद
कोलकाता, मई 3: पांच राज्यों में चुनावी प्रक्रिया रविवार को संपन्न हो गई, जहां पर बंगाल में टीएमसी ने पूर्ण बहुमत के साथ परचम लहराया। इस दौरान बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर दी, जिस वजह से वो हार गईं। वहीं चुनावी नतीजे आने के बाद से बंगाल में लगातार हिंसा की खबरें आ रही हैं। बीजेपी का दावा है कि पिछले 24 घंटे में 9 लोगों ने जान गंवाई है, जिस वजह से वो अब राज्यपाल से मदद मांग रहे हैं।

मामले में बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव के बाद बंगाल में शुरू हुई हिंसा में 24 घंटे में 9 लोगों की मौत हुई, प्रदेश में भय का वातावरण है। सत्ताधारी पार्टी हाथ बांध कर बैठी है, पुलिस निष्क्रिय है। हम राज्यपाल के पास निवेदन लेकर आए थे, उन्होंने निवेदन स्वीकार किया और आश्वासन दिया। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। साथ ही सरकार से चुनाव बाद हुई हिंसा की रिपोर्ट मांगी है।
घोषपारा में हमला
वहीं पश्चिम बंगाल के भाटापारा के घोषपारा में बीजेपी कार्यालय पर हमला हुआ। इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने 10 से ज्यादा बम फेंके, जिस वजह से आसपास की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। एक स्थानीय के मुताबिक टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनकी दुकान लूट ली है। बाद में वो बमबारी करके भाग गए, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
5 मई को दीदी का शपथ ग्रहण
बंगाल में टीएमसी ने 213 सीटें हासिल की, जबकि बीजेपी 77 पर ही सिमट गई। पूर्ण बहुमत पाने के बाद सोमवार को टीएमसी विधायक दल की मीटिंग हुई, जिसमें ममता बनर्जी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। खबर है कि वो 5 मई को शपथ लेंगी, जबकि 6 मई को बाकी मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। ममता खुद नंदीग्राम से चुनाव हार गई हैं, जिस वजह से उनके पास विधायक बनने के लिए 6 महीने का वक्त रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications