बंगाल: मंत्री पार्थ चटर्जी को झटका, हाईकोर्ट ने जांच के लिए भुवनेश्वर एम्स भेजने के दिए निर्देश
कोलकाता, 24 जुलाई: पश्चिम बंगाल के गिरफ्तार मंत्री पार्थ चटर्जी को बड़ा झटका लगा है, जहां कोर्ट ने उन्हें सोमवार सुबह एम्स भुवनेश्वर में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। अभी तक मंत्री का इलाज कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में चल रहा है। ईडी ने इसको लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, साथ ही ये आरोप लगाया था कि बिना ठोस वजह के पार्थ चटर्जी को दूसरे अस्पताल ट्रांसफर कर दिया गया। वहां पर वो डॉन की तरह बर्ताव कर रहे हैं।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि पार्थ चटर्जी को एसएसकेएम अस्पताल से एम्बुलेंस के द्वारा कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ले जाया जाएगा। इस दौरान उनके वकील और अस्पताल के डॉक्टर साथ होंगे। इसके अलावा हाईकोर्ट ने एम्स भुवनेश्वर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, श्वसन चिकित्सा और एंडोक्रिनोलॉजी के विशेषज्ञों से पार्थ चटर्जी की जांच करवाएं। फिर रिपोर्ट सोमवार 3 बजे तक मामले के जांच अधिकारी, एसएसकेएम चिकित्सा अधिकारी और आरोपी के वकील को सौंपी जाए।
वहीं एक सॉफ्ट कॉपी कोलकाता भेजी जाएगी, जिसको पीएमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद विशेष न्यायाधीश सोमवार शाम चार बजे मामले की सुनवाई करेंगे। इसके लिए जांच अधिकारी को वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
करीबी के घर 21 करोड़ बरामद
आपको बता दें कि ईडी शिक्षा भर्ती घोटाले की जांच कर रही है। इसी के तहत 23 जुलाई को मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार किया गया। उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी के घर से पुलिस को 21 करोड़ बरामद हुए थे। निचली अदालत ने शनिवार को ईडी को चटर्जी की दो दिन की हिरासत दी थी लेकिन उनके वकील की अर्जी पर उन्हें सरकारी अस्पताल भेजने का आदेश दिया गया, क्योंकि वो बीमार थे।












Click it and Unblock the Notifications