अखिलेश ने समाजवादी को बना दिया समाप्तवादी, पप्पू और टीपू एक जैसे हैं - मंत्री नंद गोपाल नंदी
वाराणसी पहुंचे औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल नंदी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर बोला जुबानी हमला, बोले- सपा झंडा लगे गाड़ी में बैठा रहता है गुंडा
वाराणसी, 11 अगस्त: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल नंदी ने वाराणसी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन गाड़ियों में सपा का झंडा लगा रहता है, समझ लीजिए कि उसमें गुंडा बैठा रहता है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी एक दूसरे के पर्यायवाची हैं।

ओसामा और जिन्ना को बताते हैं अपना आदर्श
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव वोट की लालच में ओसामा बिन लादेन और मोहम्मद अली जिन्ना को देश का आदर्श बताते हैं। ऐसे लोग कभी भी राष्ट्रवाद के बारे में नहीं सोच सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसीलिए राहुल गांधी को पप्पू और अखिलेश यादव को टीपू कहा जाता है। मीडिया कर्मियों को भी उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के बारे में कुछ भी पूछ कर हमारा और जनता का समय बर्बाद नहीं करना चाहिए।

अखिलेश ने पिता को ही भगा दिया
उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव ने कुछ नहीं किया, उनके पिता मुलायम सिंह यादव द्वारा उनको गद्दी सौंपी गई। जनता ने मुलायम सिंह यादव को देखते हुए बहुमत दिया था लेकिन गद्दी संभालने के बाद अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव को ही लात मारकर भगा दिया। समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी बनाने में अखिलेश यादव का बहुत बड़ा रोल है। ऐसे व्यक्ति से राष्ट्र के बारे में बात करने की उम्मीद भी नहीं की जा सकती है।

प्रगति की राह पर अग्रसर है देश और प्रदेश
मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो जनता को समर्पित है। भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में भाजपा सरकार के चलते देश और प्रदेश के किसान, नौजवान, महिलाएं और बच्चे सुरक्षित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश प्रगति की राह पर अग्रसर है।
इसे भी पढ़ें- भाजपा नेता के अवैध निर्माण पर चला 'बाबा का बुलडोजर', वाराणसी विकास प्राधिकरण ने की यह कार्रवाई












Click it and Unblock the Notifications