भाजपा नेता के अवैध निर्माण पर चला 'बाबा का बुलडोजर', वाराणसी विकास प्राधिकरण ने की यह कार्रवाई
वाराणसी, 11 अगस्त: नोएडा और मोदीनगर में श्रीकांत त्यागी के अवैध कब्जे पर कार्रवाई के बाद योगी सरकार ने वाराणसी में भी एक और कार्रवाई की है। दरअसल, वाराणसी के वरुणा एनक्लेव में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने अवैध कब्जा कर एक कमर्शियल स्पेस बनाया हुआ था। इस अवैध कब्जे के खिलाफ महिलाओं ने हल्ला बोल दिया। इसका असर भी हुआ और भाजपा नेता के अवैध कब्जे पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। तो वहीं, अब इस कार्रवाई से सोसाइटी की महिलाएं खुश हैं।

भाजपा नेता द्वारा अवैध कब्जे का यह मामला वाराणसी जिले के सिकरौल इलाके की वरुणा एनक्लेव सोसाइटी का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरुणा एनक्लेव सोसाइटी में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह उर्फ अखंड प्रताप सिंह पर खाली पड़ी जमीन पर अवैध कब्जा करके ऑफिस बना लिया गया था। जिसका पिछले काफी समय से सोसाइटी की महिलाएं विरोध कर रही थी। महिला का आरोप था कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने इस जमीन पर अवैध कब्जा करके कार्यालय बना लिया है। बता दें कि महिलाओं ने कार्यालय के सामने विरोध-प्रदर्शन भी किया था।
महिलाओं ने ये आरोप भी लगाया था कि उनकी (भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह) तरफ से बात करने पहुंचे एक शख्स ने धमकाया और गाली-गलौच भी की। सोसाइटी की महिलाओं की मानें तो उसने 1080 स्क्वायर फीट जमीन पर कब्जा कर रखा है। इस तरह के आरोप की जानकारी जब वाराणसी विकास प्राधिकरण को हुई तो इस मामले की जांच की गई। जांच अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
वहीं, इस मामले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मनगढ़ंत आरोप लगाकर छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि उस बिल्डिंग की तीन महिलाएं मेरे साथ अदावत रखती हैं। ये जमीन सोसायटी के नक्शे में नहीं है। मुझको बदनाम करने की साजिश है। वो जगह आबादी की जमीन है, ना की सोसायटी की। बताया कि पहले मैं वहां गाड़ी खड़ी करता था।












Click it and Unblock the Notifications