वाराणसी से महज दो घंटे में पहुंच जाएंगे अहमदाबाद, शुरू हो रही नई विमान सेवा
स्पाइसजेट एयरलाइंस 4 अगस्त को वाराणसी हवाई अड्डे से अहमदाबाद के लिए नई उड़ान शुरू करेगा
वाराणसी, 02 अगस्त : वाराणसी से अहमदाबाद के बीच आवागमन अब काफी आसान होने जा रहा है। वाराणसी से अहमदाबाद के लिए स्पाइसजेट एयरलाइंस द्वारा सीधी विमान सेवा प्रारंभ करने की घोषणा की गई है। यह विमान सेवा 4 अगस्त से शुरू की जाएगी, जो प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी। एयरलाइंस द्वारा इसका शेड्यूल जारी कर दिया गया है और बुकिंग भी प्रारंभ हो चुकी है।

वाराणसी से दोपहर में प्रस्थान करेगा विमान
स्पाइसजेट एयरलाइंस द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार स्पाइसजेट का विमान एसजी 596 वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से प्रतिदिन दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरेगा जो दोपहर 3:10 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा। वहीं अहमदाबाद एयरपोर्ट से स्पाइसजेट एयरलाइंस का विमान एसजी 354 प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे उड़ान भरेगा जो दोपहर 12:30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरेगा।

वाराणसी-अहमदाबाद का किराया 6 हजार
अधिकारियों ने बताया कि एयरलाइंस द्वारा वाराणसी अहमदाबाद हवाई मार्ग के लिए टिकट की बुकिंग प्रारंभ कर दी गई है। यात्री एयरलाइंस के वेबसाईट और एप के माध्यम से या फिर काउंटर पर पहुंचकर टिकट बुक कर सकते हैं। वाराणसी से अहमदाबाद जाने का किराया 6000 रुपए से अधिक है, वहीं अहमदाबाद से वाराणसी आने का किराया 4800 रुपए से अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि फ्लेक्सी फेयर होने के चलते किराए में उतार-चढ़ाव हो सकता है।

वाराणसी से इन शहरों के लिए है विमान सेवा
वर्तमान समय में वाराणसी एयरपोर्ट से मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, जयपुर, देहरादून, गोरखपुर, गुवाहाटी सहित अन्य शहरों के लिए सीधी घरेलू विमान सेवा उपलब्ध है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्ग पर शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा सीधी विमान सेवा संचालित की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications