पंजाब में इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार: खेतों से हटेंगे ओवरहेड बिजली तार, CM मान ने सतोज गांव में किया काम का शुभारंभ
पंजाब सरकार ने किसानों को बिजली के खुले तारों से होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए सतोज गांव से महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है। मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने पैतृक गांव से खेतों में बिजली लाइनों को भूमिगत करने की इस पहल का शुभारंभ किया।
करीब आठ करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना सतोज में सात किलोमीटर हाईटेंशन और 9.5 किलोमीटर लो टेंशन बिजली लाइनों को जमीन के नीचे डालेगी। इसका उद्देश्य खेतों से खंभे व खुली तारें हटाकर आधुनिक भूमिगत केबल प्रणाली स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि खुली तारों से अक्सर शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग के कारण फसलों में आग लगती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है। नई योजना इन घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाने में मदद करेगी।
मान ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना केवल सतोज तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चरणबद्ध तरीके से पूरे पंजाब में लागू होगी। इससे किसानों को सुरक्षित और बाधारहित खेती का माहौल, सुगम कृषि कार्य और आधुनिक मशीनों का आसान उपयोग मिलेगा।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देती है। इस पहल का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण बिजली व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ उनकी जमीन को तारों व खंभों से मुक्त करना है। सतोज के किसानों ने भी योजना को सराहा, जिससे फसल सुरक्षा और खेत में काम करना आसान होगा।












Click it and Unblock the Notifications