एडवेंचर टूरिज्म के शौकीन हैं तो औली में मिलेगा अब सालभर घूमने का मौका, पर्यटन विभाग ने तैयार किया मास्टरप्लान
औली का मास्टर प्लान तैयार, सालभर आएंगे पर्यटक
देहरादून, 8 जुलाई। उत्तराखंड में प्रकृति की गोद में बसा औली इंटरनेशनल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने मास्टरप्लान तैयार किया है। औली में सालभर एडवेंचर टूरिज्म से संबंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित करने की प्लानिंग की जा रही है। जिससे औली को विश्व के मानचित्र पर जगह मिलने के साथ ही सालभर यहां पर्यटक आ सकें।

केवल सर्दियों का नहीं, वर्ष भर का पर्यटन गंतव्य बनेगा औली
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औली के मास्टर प्लान पर एक बैठक की। महाराज ने बताया कि औली अब केवल सर्दियों का नहीं बल्कि वर्ष भर का पर्यटन गंतव्य बनेगा। पर्यटन मंत्री ने कहा कि औली में स्कीइंग विलेज विकसित किया जाएगा। यही नहीं यहां पर वर्ष भर एडवेंचर टूरिज्म से संबंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

पर्यटन विभाग की ये है तैयारी
सर्दियों में जहां यहां पर स्कीइंग का आयोजन किया जाएगा वहीं वर्ष के दूसरे हिस्से में ट्रैकिंग, हाईकिंग, रॉक क्लाइंबिंग जैसे खेलो के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के लिए भी ट्रेनिंग स्लोप का निर्माण करवाया जाएगा और सभी आयु वर्गों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के अंतर्गत अधिकतम पर्यटकों को विशेष रूप से औली और आकर्षित करने के लिए व्यापक रूप से अवस्थापना विकास के कार्य किए जाएंगे। बैठक में सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर के साथ-साथ पर्यटन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

औली, प्रकृति की गोद में बसा सुदंर पर्यटक स्थल
औली उत्तराखंड का एक प्रमुख पर्यटक स्थल है जहां पर सर्दियों में बर्फबारी का मजा लेने के लिए देश भर से पर्यटक आते हैं और यहां पर स्कीइंग चैंपियनशिप का भी आयोजन किया जाता है। उत्तराखंड में हिमालय की वादियों के बीच मौजूद औली में प्राकृतिक नजारा इतना खूबसूरत है कि यहां आने वाले पर्यटक इसे भारत का स्विट्जरलैंड भी कहते है।

औली बुग्याल के नाम से भी जाना जाता है
सर्दियों में यहां घूमने का मजा कई गुना बढ़ जाता है। ये डेस्टिनेशन स्कीइंग के लिए भी जाना जाता है। ये सर्दियों में पूरी बर्फ से ढक जाता है, वहीं गर्मी में यहां की बर्फ से घिरी चोटियां इस जगह को और भी ज्यादा खूबसूरत बना देती हैं। औली बुग्याल के नाम से भी जाना जाता है। औली में दुनिया की सबसे ऊंची आर्टिफिशियल झील है। यह झील पहाड़ की ढलानों के बीच स्थित है। आसपास के रंग बिरंगे फूल इस झील की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। इस झील को इसलिए बनाया गया था कि ये कम बर्फबारी के दौरान स्कीइंग या सर्दियों के खेलों के लिए बर्फ का उत्पादन कर सकते हैं।

ऐसे पहुंचें औली
औली से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित ट्रेक टू गुरसो बुग्याल
यह सबसे अच्छे औली ट्रेक में से एक है। औली के मुख्य पॉइंट से कुछ ही दूर की चढ़ाई पर, ये ट्रैक गर्मियों में हरे-भरे घास के मैदानों के आकर्षण का आनंद लेने का सबसे अच्छा समय है। रोपवे औली के प्रमुख आकर्षणों में से एक है, जो पहाड़ों का शानदार दृश्य प्रस्तुत करता है। यह एशिया में गुलमर्ग गंडोला राइड और गंगटोक की केबल कार के बाद कुल 4 किमी की दूरी के साथ दूसरा सबसे ऊंचा और सबसे लंबा रोपवे है। ये रोपवे जोशीमठ और औली दोनों से जुड़ा हुआ है। यहां चेयर लिफ्ट भी उपलब्ध है जो केवल औली से स्की-रिसॉर्ट तक जाती है। औली पहुंचने के लिए पहले ऋषिकेश फिर जोशीमठ पहुंचना होता है। जो कि 8 से 9 घंटे का सफर हो सकता है। जोशीमठ से औली तक भारत में दूसरी सबसे लंबी केबल कार की सुविधा लें। यह केबल कार 16 किलोमीटर लंबी है, 22 मिनट का समय लेती है।












Click it and Unblock the Notifications