उत्तराखंड: सीएम रावत ने सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन किए जाने पर दिया जोर
देहरादून। उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सीएम पद संभालते कई बड़े फैसले लिए हैं। एक्शन के मूड में दिखाई दे रहे सीएम रावत ने गुरुवार को नागरिक केंद्रित सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर आनलाइन करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की आम जनता को सरकारी सुविधाएं जल्द और गुणवत्तापूर्वक मिलें इसके लिए हमें तेजी से प्रयास करने की आवश्यकता है। 18 मार्च को हुई सूचना एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम तीरथ सिंह रावत ने यह निर्देश दिया।

उत्तराखंड की जनता तक सरकारी सेवाएं समय से पहुंचाने के लिए सीएम रावत ने मोबाइल कनेक्टिविटी पर युद्धस्तर से काम करने की बात कही। सीएम ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी एक बहुत बड़ी समस्या है। इसमें जल्द सुधार करने की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उन गांवों में मोबाइल कनेक्टिविटी सेवा उपलब्ध कराने के काम में तेजी लाने की जरूरत हैं जो अभी तक इस सेवा से विमुख हैं।
गुरुवार को सीएम रावत ने निर्देश दिया कि अनुभागों के निरीक्षण की व्यवस्था की जाए। उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके निराकरण की भी व्यवस्था की जाए। तीरथ सिंह रावत ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ने से युवाओं को आइटी के क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अलावा सीएम रावत ने ई-आफिस, ई-कैबिनेट के लिए मंत्रियों के स्टाफ को भी प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। इस बीच बैठक में मौजूद सचिव आरके सुधांशु ने बताया कि कुछ विभागों में सौ प्रतिशत ई-आफिस सिस्टम लागू कर दिया गया है। अन्य विभागों में भी ई-आफिस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। सेवा का अधिकार के तहत 29 विभागों की 268 सेवाओं को अधिसूचित किया गया है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में लागू होगा फीस एक्ट, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने कहा- निजी स्कूलों की मनमानी रोकने को उठाया कदम












Click it and Unblock the Notifications